बेमेतरा में गन्ना आधारित एथेनाॅल प्लांट की स्थापना के लिये प्रस्ताव आमंत्रित…
बेमेतरा जिले में गन्ना आधारित एथेनाॅल इकाईयों की स्थापना हेतु निवेश संभावनाएं’’ पर आयोजित वीडियो कान्फ्रेन्स
रायपुर 14 जुलाई 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी की मंशा के अनुरुप राज्य में एथेनाॅल आधारित नवीन निवेश क्षेत्र के विकास के दृष्टिगत् वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा दिनांक 14 जुलाई 2021 को एक वीडियो कान्फ्रेन्स ‘‘बेमेतरा जिले में गन्ना आधारित एथेनाॅल इकाईयों की स्थापना हेतु निवेश संभावनाएं’’ का आयोजन किया गया जिसमें राज्य के बेमेतरा जिले में गन्ना आधारित एथेनाॅल इकाईयों की स्थापना पर विचार विमर्श किया गया। विभिन्न प्रदेशों जैसे दिल्ली, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, आन्ध्रप्रदेश, चंडीगढ़ एवं छत्तीसगढ़ के 100 से अधिक प्रतिभागियों द्वारा हिस्सा लिया गया । देश के प्रमुख उद्यमी संस्थाओं, सहकारिता संस्था एवं औद्योगिक संघों नेशनल फेडरेशन ऑफ काआपरेटिव्ह शुगर फेक्ट्रीज़ इण्डस्ट्रीज़ एसोसिएशन, वेस्ट इंडियन शुगर मिल एसोसिएशन, पी.एच.डी.सी.सी.आई., फिक्की, सी.आई.आई. एवं राज्य के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा इसमें भाग लिया गया ।
मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा अपने उद्बोधन में निवेशकों को परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया । उनके द्वारा अवगत कराया गया कि बेमेतरा जिले में बड़ी मात्रा में गन्ने का उत्पादन किया जाता है जिसके कारण यहां एथेनाॅल इकाईयों की स्थापना की बड़ी अच्छी संभावनाएं हैं । उनके द्वारा यह भी बताया गया कि राज्य शासन राज्य के औद्योगिक विकास के दृष्टिगत् निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता प्रदान करने हेतु तत्पर है । उन्होंने राज्य के निवेशक मित्र औद्योगिक वातावरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
पी.अरुण प्रसाद, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ स्टेट इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमि. द्वारा वर्कशाॅप के दौरान राज्य में एथेनाॅल सेक्टर के विकास एवं गन्ना आधारित एथेनाॅल इकाईयों की स्थापना की संभावनाओं एवं इस हेतु राज्य की क्षमता, उपलब्ध सुविधाओं, अनुदानों तथा प्रोत्साहनों तथा निवेश नीतियों पर एक प्रेज़ेन्टेशन प्रस्तुत किया गया । उनके द्वारा औद्योगिक नीति 2019-24 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह नीति राज्य के समग्र औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के दृष्टिगत् बनाई गई है । उनके द्वारा यह भी बताया गया कि राज्य में उद्योग स्थापना के लिये प्रतिस्पर्धी भूमि दर एवं प्रब्याजि निर्धारित की गई है । उनके द्वारा प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हे राज्य में एथेनाॅल उत्पादन के क्षेत्र में निवेश के लिये चर्चा हेतु आमंत्रित किया गया । कई प्रतिभागियों द्वारा बेमेतरा जिले में निवेश हेतु रुचि प्रदर्शित की गई है।