BJYM में 35 फॉर्मूले में राहत: पहले जिलाध्यक्षों की लिस्ट आएगी फिर भाजयुमो की नई कार्यकारिणी, अच्छा काम करने वाले बने रहेंगे

भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक गंगरेल में होनी है। इसके बाद संभवत: सूची जारी की जाएगी।

Update: 2022-10-03 10:21 GMT

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अरुण साव की नियुक्ति के बाद बेसब्री से जिलाध्यक्षों की सूची का इंतजार किया जा रहा है। 03 अक्टूबर को सूची जारी होने की चर्चा थी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि 06 अक्टूबर की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा। इधर, भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की भी बेचैनी बढ़ गई है, क्योंकि जिलाध्यक्षों की सूची के बाद ही युवा मोर्चा की नई कार्यकारिणी का ऐलान होगा। थोड़ी सी राहत यह है कि 35 साल की अधिकतम उम्र सीमा के पैमाने में छूट रहेगी। हालांकि इसमें ज्यादा उम्र के नए लोग नहीं शामिल किए जाएंगे, लेकिन जो लोग पहले से ही टीम में बने हुए हैं और बेहतर काम कर रहे हैं, उन्हें नहीं हटाया जाएगा। भाजयुमो में अब रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कार्यकर्ताओं की उम्मीद बढ़ गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष से लेकर भाजयुमो अध्यक्ष भी बिलासपुर संभाग से बनाया गया है।

सबको साधने की रणनीति

भाजयुमो अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद रवि भगत ने गिरौदपुरी धाम का दौरा किया। वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह के क्षेत्र सोनाखान भी पहुंचे। इससे यह कहा जा रहा है कि भगत सभी वर्गों को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उनकी कार्यकारिणी में भी यह देखने को मिलेगा। हालांकि भगत हड़बड़ी के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन लेकर आगे निर्णय लेंगे।


गंगरेल में चिंतन पर नजर

भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक 6 अक्टूबर को धमतरी के गंगरेल डैम स्थित रिसॉर्ट में होनी है। पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा दूसरे दलों की भी नजर इस पर है। इसमें अब तक की स्थिति के चिंतन के साथ-साथ आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसमें बिलासपुर, सरगुजा, दुर्ग और बस्तर में शराबबंदी, महिला सुरक्षा, आदिवासियों, वनवासियों सहित अन्य सभी वर्गों के मुद्दों पर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी है।

Tags:    

Similar News