Manoj Tiwari: BJP संसद मनोज तिवारी के घर लाखों की चोरी,, चोर उड़ा ले गया लाखों की नकदी, पुलिस ने ऐसे किया सनसनीखेज खुलासा
Manoj Tiwari Flat Theft: भाजपा सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित फ्लैट में हुई चोरी के मामले में अंबोली पुलिस ने उनके पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। CCTV फुटेज में आरोपी कैश चुराते दिखा।
Manoj Tiwari: घर में रखे पैसे अचानक गायब होने लगें और ताला भी न टूटा हो तो किसी पर भी शक करना मुश्किल हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ भाजपा सांसद मनोज तिवारी के साथ जब उनके मुंबई स्थित फ्लैट से महीनों तक पैसे गायब होते रहे। लेकिन जब CCTV कैमरे ने अपना काम किया तो सामने आई एक ऐसी साजिश जिसने भरोसे की नींव हिला दी।
क्या है पूरा मामला?
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी के मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में स्थित शास्त्री नगर के सुंदरबन अपार्टमेंट में चोरी की वारदात हुई। मुंबई की अंबोली पुलिस ने सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है जो कभी मनोज तिवारी का कर्मचारी हुआ करता था। दिलचस्प बात यह है कि इस शख्स को लगभग दो साल पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था लेकिन उसके पास अब भी घर की डुप्लीकेट चाबियां थीं।
दो किस्तों में हुई चोरी
यह चोरी एक बार में नहीं बल्कि दो बार हुई। पहली बार जून 2025 में अलमारी से 4.40 लाख रुपये गायब हो गए, लेकिन उस वक्त चोर का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 15 जनवरी 2026 की रात को फिर से 1 लाख रुपये की चोरी हो गई। इस तरह कुल 5.40 लाख रुपये चोरी हो चुके थे। अजीब बात यह थी कि हर बार बिना किसी तोड़-फोड़ के पैसे गायब हो रहे थे।
CCTV ने पकड़ा आरोपी को रंगे हाथों
मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे पिछले 20 सालों से उनके साथ काम कर रहे हैं, उनको बार-बार पैसे गायब होने पर शक हुआ। दिसंबर 2025 में उन्होंने घर के अंदर गुप्त रूप से CCTV कैमरे लगवा दिए। और फिर 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे जब फुटेज चेक की गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
CCTV में साफ दिख रहा था कि पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा बेफिक्र होकर फ्लैट के अंदर घुस रहा है। उसके पास घर, बेडरूम और यहां तक कि अलमारी की भी डुप्लीकेट चाबियां थीं। फुटेज में वह आराम से अलमारी से पैसे निकालता हुआ नजर आया जैसे कोई अपने ही घर में हो।
आरोपी ने माना जुर्म
पहचान होते ही मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। अंबोली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अब पुलिस चोरी की गई रकम की बरामदगी और मामले की आगे की जांच में जुटी है।
यह मामला याद दिलाता है कि घर की सुरक्षा सिर्फ ताले से नहीं बल्कि सही लोगों पर भरोसे से भी तय होती है। पुरानी चाबियां वापस लेना और जरूरत पड़ने पर ताले बदलवाना भी उतना ही जरूरी है।