VIDEO : 5 लाख कर्मचारी रहे हड़ताल पर : 28% महंगाई भत्ता सहित 14 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेश भर में काम ठप… कर्मचारी नहीं पहुंचे दफ्तर, कई स्कूलों में तो ताला भी नहीं खुला… जोरदार बारिश में भी डटे रहे कर्मचारी, गूंजते रहे नारे

Update: 2021-09-03 09:18 GMT

रायपुर 3 सितंबर 2021। महंगाई भत्ता की मांग को लेकर प्रदेश के करीब 5 लाख कर्मचारी हड़ताल पर रहे। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय, विकासखंड मुख्यालय पर कर्मचारियों की जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शनों का नजारा दिखा। राययपुर में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बुढ़ापारा धरनास्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता के साथ-साथ 14 सूत्री मांगों को लेकर अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के इस हड़ताल में हर वर्ग के कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ शिक्षक संगठनों का भी साथ मिला।

Full View

प्रदेश के सभी दफ्तरों और स्कूलों में हड़ताल का असर दिखा। सबसे बुरी तरह काम रायपुर के इंद्रावती भवन का प्रभावित हुआ, इंद्रावती और महानदी भवन आज पूरी तरह खाली दिखा, हर सेक्शन में कुर्सियां खाली दिखी। यही हाल स्कूलों का भी दिखा, कई स्कूलों में तो ताले तक नहीं खुले, कुछ स्कूलों में ताले खुले तो आधे से ज्यादा शिक्षक स्कूल पहुंचे ही नहीं, जिसकी वजह से स्कूलों में पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हुआ। विवेक दुबे की अगुवाई में सर्व शिक्षक संघ और केदार जैन की अगुवाई में संयुक्त शिक्षक संघ की टीम भी रायपुर पहुंची और प्रदर्शन किया।

 

अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि

“हमारी हड़ताल पूरी तरह से सफल रही है। एकदिवसीय हड़ताल का असर छत्तीसगढ़ में दिखा है। हर संगठन के लोगों ने इस हड़ताल को समर्थन दिया है। हमारी मांगों को लेकर पहले हमलोगों ने काली पट्टी बांधकर काम किया था, सरकार ने हमारी मांगें नहीं तो मानी तो आज हमलोग हड़ताल के लिए मजबूर हुए हैं। कर्मचारी संगठन के समर्थन में ये आवाज आगे भी उठती रहेगी”

अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के इस आंदोलन में शामिल होने के लिए रायपुर में कई जिलों से कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षक पहुंचे थे। खास बात ये रही कि इस आंदोलन में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई।

Tags:    

Similar News