रायपुर 30 मार्च 2021। वित्तीय वर्ष 2020-21 की समाप्ति से पूर्व ही कोयला कम्पनी एसईसीएल के कई खदानों ने अपना वार्षिक उत्पादन लक्ष्य पूर्ण कर लिया है। इनमें भूमिगत एवं खुली खदानें दोनों शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में अवस्थित मानिकपुर खुली खदान ने पिछले 27 मार्च को ही 4.9 मिलियन टन का वार्षिक उत्पादन लक्ष्य हासिल कर लिया है। इस खदान ने 46.47 लाख टन कोल डिस्पैच तथा 140.34 लाख क्यूबिक मीटर ओबीआर भी पूर्ण किया है जिससे आने वाले समय में कोयला उत्पादन को और गति मिलने की उम्मीद है। विदित हो कि मानिकपुर खदान पिछले 7 सालों से लगातार अपना उत्पादन लक्ष्य प्राप्त कर रही है।
मुख्यालय सूत्रों से प्राप्त सूचनानुसार गत 22 फरवरी को कम्पनी के सोहागपुर क्षेत्र के खैरहा भूमिगत खदान ने अपनी पीक ईसी क्षमता 8.19 लाख टन का उत्पादन लक्ष्य पूर्ण किया था वहीं इसी क्षेत्र की बंगवार भूमिगत खदान ने जनवरी माह में ही 6.5 लाख टन उत्पादन लक्ष्य पूरा कर लिया था। मार्च महिने में कम्पनी के भटगांव क्षेत्र में अवस्थित महान-।। परियोजना ने 2 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन का लक्ष्य पूर्ण कर लिया था। इसी महिने हसदेव क्षेत्र के अंतर्गत राजनगर आरओ भूमिगत खदान ने भी वर्ष 2020-21 के लिए निर्धारित 2 लाख टन उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है तथा इसके पूर्व दिनांक 24 मार्च को झगराखंड सबएरिया के अंतर्गत अवस्थित हल्दीबाड़ी भूमिगत खदान ने 6.6 लाख टन उत्पादन लक्ष्य पूर्ण कर लिया था।
शीर्ष प्रबंधन ने इस सफलता पर एसईसीएल टीम को बधाई दी है।