यूनिवर्सिटी व कॉलेजों में जानिये कब से शुरू होगी पढ़ाई…… 30 सितंबर तक एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
नयी दिल्ली, 17 जुलाई 2021। देश भर में यूनिवर्सिटी और कॉलेजों का एकेडेमिक सेशन 1 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा. इससे पहले 30 सितंबर तक एडमिशन की प्रक्रिया भी पूरी कर लेनी होगी. यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को अंडरग्रेजुएट कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है लेकिन कहा है कि CBSE, ICSE और दूसरे स्टेट बोर्ड के रिजल्ट के बाद ही एडमिशन प्रक्रिया शुरू की जाए.
यूजीसी ने नये दिशा-निर्देशों में कहा, ‘ऐसी उम्मीद की जाती है कि सभी स्कूल बोर्ड 12वीं कक्षा के परिणाम 31 जुलाई तक घोषित कर देंगे। अगर परीक्षा परिणामों की घोषणा में कोई देरी होती है, तो नया अकादमिक सत्र 18 अक्तूबर तक शुरू हो सकता है।’ दिशा निर्देशों में कहा गया है, ‘संस्थान कोविड-19 महामारी के मद्देनजर समय-समय पर केंद्र तथा राज्य सरकारों से जारी परामर्श तथा आवश्यक प्रोटोकॉल के बाद एक अक्तूबर से 31 जुलाई के दौरान कक्षाएं, छुट्टियां, परीक्षाएं कराने, सेमेस्टर ब्रेक की योजना बना सकते हैं।
‘ऑनलाइन, ऑफलाइन और दोनों माध्यमों के जरिये हो पढ़ाई’
यूजीसी ने अपनी गाइडलाइंस में कहा है कि उम्मीद है कि 31 जुलाई तक 12वीं के रिजल्ट आ जाएंगे. अगर इसमें कोई देरी होती है तो एकेडेमिक सेशन 18 अक्टूबर से शुरू किया जा सकता है. यूजीसी ने कहा है कि पढ़ाई ऑनलाइन, ऑफलाइन और दोनों माध्यमों के जरिये कराई जा सकती है.
गाइडलाइंस के मुताबिक शिक्षण संस्थान कक्षाएं लेने, ब्रेक, सेमेस्टर ब्रेक और परीक्षाएं लेने का फैसला कर सकते हैं. 1 अक्टूबर से 31 जुलाई तक ये फैसले किए जा सकते हैं. हालांकि ये फैसले कोविड के बारे में केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशों को देखते हुए करना चाहिए.
‘
महामारी के दौरान अभिभावकों के सामने आयी वित्तीय परेशानियों के मद्देनजर आयोग ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि दाखिला रद्द कराए जाने या छात्रों के प्लेसमेंट के मामले में पूरी फीस वापस की जाए। विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों के लिए आखिरी सत्र या अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 31 अगस्त तक कराना अनिवार्य कर दिया गया है। परीक्षाएं ऑफलाइन, ऑनलाइन या दोनों माध्यमों में करायी जा सकती हैं।