Vegan Sweet Potato Rabadi Recipe: सावन में बनाइये ये स्वादिष्ट वीगन शकरकंद रबड़ी, तन-मन होगा सात्विक आहार से प्रसन्न...
Vegan Sweet Potato Rabadi Recipe: सावन में बनाइये ये स्वादिष्ट वीगन शकरकंद रबड़ी, तन-मन होगा सात्विक आहार से प्रसन्न...
Vegan Sweet Potato Rabadi Recipe: सावन के पवित्र महीने में हम आपके साथ शकरकंद की वीगन रबड़ी की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। वीगन है तो इसमें किसी डेयरी प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। बहुत आसानी से महज़ आधे घंटे में बन कर तैयार होने वाली यह स्वादिष्ट वीगन शकरकंद रबड़ी आपके तन और मन को प्रसन्न कर देगी। शकरकंद के अलावा काजू और गुड़ इसके मेन इंग्रीडिएंट्स हैं। इसके अलावा इसमें क्या कुछ डाला जाने वाला है, चलिए जानते हैं और बनाते हैं टेस्टी वीगन शकरकंद रबड़ी।
वीगन शकरकंद रबड़ी बनाने के लिए हमें चाहिए
- काजू-20, भीगे हुए
- शकरकंद-1/2 कप, कटा हुआ
- पानी-1 कप
- गुड़ पाउडर-3 टेबल स्पून
- इलायची पाउडर-1/4 टी स्पून
- केसर के धागे - 20-25 भीगे हुए
- बादाम-पिस्ता कतरन-सजाने के लिए
- गुलाब की पंखुड़ियां-थोड़ी सी
वीगन शकरकंद रबड़ी ऐसे बनाएं
1. शकरकंद की रबड़ी बनाने के लिए हमें काजू को कम से कम 6 घंटे पहले से पानी में भिगोकर रख देना है। इसके अलावा केसर के धागों को एक टेबलस्पून गुनगुने पानी में 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दें।
2. अब काजू और कच्चे शकरकंद के टुकड़ों को आधा कप पानी के साथ ब्लेंडर में डालकर क्रीमी होने तक ब्लेंड करें।
3. अब एक मोटे तले के पैन को गैस पर धीमी आंच पर चढ़ाएं। इसमें आधा कप पानी और शकरकंद-काजू का तैयार पेस्ट डालें। लगातार चलाते हुए मिश्रण को धीमी आंच पर पकाएं। हमें इसे बीच-बीच में चलाते हुए करीब 12 से 15 मिनट पकाना है।
4. अब इसमें गुड़ डालें और 2-3 मिनट और पकाएँ।
5. अब आँच बंद कर दें। इलायची पाउडर और भीगा हुआ केसर अच्छी तरह मिलाएं।
6. आपकी वीगन शकरकंद रबड़ी बनकर तैयार है। इसे एक पाॅट में निकालें। ऊपर से पिस्ता बादाम कतरन और गुलाब की पंखुड़ियां से सजा कुछ देर फ्रिज में रखें और सर्व करें।