Custard Barfi Recipe: घर में आसानी से उपलब्ध चीजों से बनाइये लज़ीज़ कस्टर्ड बर्फी, नहीं रुकेंगे खाने वालों के हाथ...
Custard Barfi Recipe: घर में आसानी से उपलब्ध चीजों से बनाइये लज़ीज़ कस्टर्ड बर्फी, नहीं रुकेंगे खाने वालों के हाथ...
Custard Barfi Recipe: कई बार मिठाई खाने की अचानक से तीव्र इच्छा होती है लेकिन मावा या मिल्क पाउडर जैसी चीजें आपके पास हमेशा उपलब्ध होना जरूरी नहीं है। ऐसे में क्या किया जाए? आज हम आपके साथ कस्टर्ड बर्फी की ऐसी रेसिपी शेयर कर रहे हैं जिससे आप घर में उपलब्ध चीजों से ही बड़ी आसानी से शानदार मिठाई बना सकते हैं। आपको विशेष मेहनत भी नहीं लगेगी और टेस्टी बर्फी बनकर तैयार हो जाएगी। तो चलिए बनाते हैं सूजी और कस्टर्ड पाउडर से टेस्टी बर्फी।
कस्टर्ड बर्फी की सामग्री
- सूजी-1 कप
- कस्टर्ड पाउडर - 1 टेबल स्पून
- शक्कर - 1/2 कप
- पानी - डेढ़ कप
- घी-3 टेबल स्पून
- यलो फूड कलर-2-3 बूंद(ऑप्शनल)
- ड्राई फ्रूट्स कतरन - सजाने के लिए
कस्टर्ड बर्फी ऐसे बनाएं
1. सबसे पहले एक पैन में शक्कर डालें। साथ ही डालें एक कप पानी। अब शक्कर को पानी में डिसाॅल्व होने तक पकाएं। इसके बाद आंच बंद कर दें।
2. अब आधा कप पानी में कस्टर्ड पाउडर को घोलें। इसे तैयार चाशनी में डाल दें और 1 से 2 मिनट पकाएं। अब इसे एक तरफ रख दें।
3. अब दूसरे पेन में सूजी डालें। इसे दो मिनट के लिए ड्राई रोस्ट करें। इसके बाद इसमें एक-एक चम्मच करके घी डालते जाएं और सूजी को भूनते जाएं।
4. जब सूजी को हल्की सुनहरी रंगत मिल जाए तो इसमें कस्टर्ड वाली तैयार चाशनी डाल दें। सूजी और चाशनी को अच्छी तरह साथ में मिलाएं और पकाते रहें। जब मिश्रण खूब गाढ़ा होने लगे तब इसमें फूड कलर ऐड करें और चलाएं। जब मिश्रण इकट्ठा होने लगे, तली छोड़ने लगे तब यह सैट करने के लिए तैयार है।
5. अब एक ट्रे या थाली को ग्रीस करें और उसमें यह मिश्रण पलट दें। स्पेचुला से इसे हल्के हाथों से दबाएं और समतल कर दें।
6. अब ड्राई फ्रूट्स कतरन से सजाएं और एक घंटे के लिए सैट होने के लिए छोड़ दें।
7. अब अपने मनचाहे आकार में इसे काटें और लज़ीज कस्टर्ड बर्फी का आनंद लें।