नयी दिल्ली 9 दिसंबर 2020। सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया. शादी के सीजन में मांग बढ़ने से दिल्ली में सोना 816 रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी 3063 रुपये प्रति किलो चढ़ गई.
दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी में अच्छी तेजी रही. सोना 816 रुपये बढ़कर 49,430 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. चांदी भी अच्छी मांग से 3,063 रुपये चढ़कर 64,361 रुपये प्रति किलोग्राम रही.
सोमवार को सोना 48,614 रुपये पर प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. चांदी 61,298 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. जानकारों का कहना है कि विदेशी बाजार में सोने में मजबूती का असर इसकी घरेलू कीमतों पर पड़ा. इसके अलावा मांग में जोरदार बढ़ोतरी देखी गई.
विदेश में सोने का भाव 1,864 डॉलर प्रति औंस रहा. चांदी 24.52 डॉलर प्रति औंस रही. अमेरिका में राहत पैकेज जल्द आने की उम्मीद है, जिससे सोने को सपोर्ट मिल रहा है.