बारिश अलर्ट: भारत ठंड की चपेट में...10 जनवरी तक देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें- मौसम विभाग का अनुमान

Update: 2022-01-06 07:07 GMT

नईदिल्ली 6 जनवरी 2022। बारिश और बर्फबारी की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में सर्दी का सितम बढ़ गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, उत्‍तरी राजस्‍थान, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश, दक्षिणी राजस्‍थान, गुजरात, पश्चिमी मध्‍य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों में फिलहाल सर्दी का कहर जारी है। यही नहीं अभी 10 जनवरी तक उत्तर पश्चिम और उत्तर भारत के तमाम राज्यों में बारिश जारी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, यूपी जैसे उत्तर भारत के राज्यों और मध्य भारत में बारिश का मौसम बना रहेगा। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि बारिश के बाद भी शीत लहर का असर कम रहेगा। हवाओं की गति ज्यादा न होने के चलते लोगों को यह राहत मिलेगी। बता दें कि श्रीनगर, शिमला, मनाली, लाहौल स्पीति समेत कई पहाड़ी इलाकों में जोरदार बर्फबारी चल रही है।

-6 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की या मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है।-6 जनवरी को दक्षिण राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश अैर पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।-IMD के अनुसार, 10 जनवरी तक दिल्ली में बारिश के आसार हैं। वहीं कुछ राज्यों में ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR के कई इलाकों उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में बारिश की संभावना है।

इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में 3 जनवरी से ही मौसम बिगड़ा हुआ है और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि भले ही देश के तमाम राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन इसके चलते तापमान पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों में तापमान में बहुत गिरावट नहीं आएगी। विभाग की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है, 'अगले दो दिनों में लगातार सेंट्रल इंडिया के कई राज्यों में तापमान में इजाफा होगा। इसके अलावा अगले तीन दिनों में भी बहुत ज्यादा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।' मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों में शीत लहर में इजाफा होने की बात से भी इनकार किया है।

विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार की रात से मौसम बदलने लगेगा। दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात जैसी स्थिति होगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार रात से शुरू होने वाली बारिश शनिवार तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने शनिवार को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से लेकर विदर्भ तक में भारी बारिश और तूफान की स्थिति देखने को मिलेगी। 

Tags:    

Similar News