CG Teacher News: शिक्षकों की रिटायरमेंट आयु 65 वर्ष करने की मांग, एसोसिएशन ने कहा- आंशिक पेंशन बढ़ने व पेंशन के दायरे में लाने हेतु सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाना जरूरी

CG Teacher News: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से शिक्षकों की रिटायरमेंट आयु 65 वर्ष करने की मांग उठ रही है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने यह मांग की है।

Update: 2026-02-05 13:20 GMT

CG Teacher News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष किये जाने की मांग जोरों-सोरों से उठ रही है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा है कि शिक्षक पेशे से रचनात्मक, गुणात्मक व बौद्धिक कार्य को निरंतर अंजाम देते हैं। इस हेतु शिक्षक अपनी पूरी सेवा काल में निरंतर अध्ययनशील रहते हैं, चिंतन मनन और उनकी क्रियाशीलता हमेशा बनी रहती है।

पूर्व में भी जब सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष थी तब भी शिक्षकों का सेवानिवृति आयु 62 वर्ष हुआ करता था, अब जबकि प्रदेश के सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किया गया है ऐसे में शिक्षकों को विशेष रूप से पूर्व प्रदत 62 वर्ष की आयु को 65 वर्ष तक बढ़ाने की आवश्यकता है। ऐसे भी शिक्षकों को संत्रान्त तक नियमित शिक्षकीय सेवा में लेने का आदेश है एवं 11-11 माह के लिए 2 बार एक्सटेंशन देने का प्रावधान है, विशेष क्षेत्र में कार्य करने वाले प्राध्यापक और डॉक्टरों की सेवानिवृति आयु 65 वर्ष है, इसी प्रकार से शिक्षक भी विशेष क्रियाशीलता से सेवा देते हैं।

ज्ञात हो मध्यप्रदेश में भी शिक्षकों की सेवानिवृति आयु 65 वर्ष किये जाने हेतु प्रक्रिया जारी है, वैसे भी भौगोलिक आंकड़ों पर, जनसंख्या के आंकड़ों पर, सांख्यिकी के आंकड़ों पर दृष्टि डालें तो यह तय होता है कि मनुष्य की औसत आयु में वृद्धि हुई है और औसत आयु में वृद्धि होने के कारण अपनी विशेष रचनात्मकता के कारण शिक्षकों के भी रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष किया जाना जरूरी है, इससे शिक्षकों के अध्यापन अनुभव, व्यवहारिकता व पूर्व ज्ञान का लाभ सीधे-सीधे छात्रों को मिलेगा।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा है कि एलबी संवर्ग के संविलियन की पूर्व सेवा को गणना नहीं किये जाने से शिक्षक जीरो पेंशन में रिटायर हो रहे है। अतः पेंशन और पूर्ण पेंशन के मामले में एल बी संवर्ग के शिक्षकों की सेवानिवृति आयु 65 वर्ष किए जाने की नितांत आवश्यकता है। वर्तमान में शिक्षकों के लिए पेंशन ही सबसे अहम और बड़ा मुद्दा है क्योंकि 2028 तक शिक्षक जीरो पेंशन में रिटायर होते जा रहे हैं, इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें पेंशन के दायरे में लाने के लिए एवं आंशिक पेंशन की राशि बढ़ोतरी के विषय में सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष अनिवार्य है।

समस्त शिक्षक संवर्ग की सेवानिवृति आयु 65 वर्ष किए जाने हेतु छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहु, बसंत चतुर्वेदी, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेंद्र यदु, कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक ने मुख्यमंत्री जी और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि रचनात्मक दिशा देने वाले, समाज को सकारात्मक माहौल देने वाले समस्त शिक्षक संवर्ग के सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष किया जाये।

Tags:    

Similar News