10 अप्रैल से आत्मानंद स्कूलों में शुरू होगा प्रवेश, छत्तीसगढ़ के 751 स्कूलों के लिए DPI ने जारी किया आदेश, जानिए कब तक कर सकेंगे आवेदन
School Education News: छत्तीसगढ़ के 751 आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 अप्रैल से प्रारंभ होगी। छात्र-छात्राएं 5 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
छत्तीसगढ़ के 751 आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 अप्रैल से प्रारंभ होगी। छात्र-छात्राएं 5 मई तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की सुविधाएं स्टूडेंट्स को दी है। डीपीआई ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
बता दें, छत्तीसगढ़ में 403 अंग्रेजी माध्यम और 348 हिन्दी मीडियम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, यदि किसी विद्यालय में सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो छात्रों का चयन कंप्यूटर आधारित लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया 6 मई से 10 मई 2026 के बीच पूरी की जाएगी। अन्य प्रवेश संबंधी कार्यवाही 11 मई से 15 मई तक की जाएगी।
डीपीआई के आदेशपर नजर डालें तो को-एजुकेशन वाले स्कूलों में कुल सीटों का 50 प्रतिशत छात्राओं के लिए आरक्षित रहेगा। यदि छात्राओं की संख्या कम रहती है, तो इन सीटों को छात्रों से भरा जा सकेगा।
एडमिशन में इन वर्गों को मिलेगी प्राथमिकता
महतारी दुलार योजना के तहत कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चे, बीपीएल व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (25% सीट आरक्षित)। अंग्रेजी माध्यम में पहले से पढ़ रहे छात्र। छात्राओं के लिए 50% सीट आरक्षित।
एक छात्र, एक ही आवेदन
प्रत्येक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय में आवेदन कर सकेगा। जो छात्र पहले से इन विद्यालयों में अध्ययनरत हैं, उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। एडमिशन देने का अधिकार कलेक्टर की अध्यक्षता वाली सोसायटी को होगा। कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश सोसायटी के निर्णय के अनुसार होगा।
10 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा सेजेस पोर्टल्
प्रदेश में सत्र 2026-27 में 403 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तथा 348 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय संचालित है। सत्र 2026-27 में प्रदेश के इन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया की जानी है। समस्त विद्यालयों के लिए सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु सेजेस पोर्टल 10 अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस कैलेंडर के अनुसार शुरू होगी प्रक्रिया
. प्रवेश हेतु आवेदन तिथि- 10 अप्रैल से 05 मई 2026
. अधिक आवेदन की स्थिति में- लॉटरी के माध्यम से सीट आबंटन
- 06 मई से 10 मई 2026
. प्रवेश की अन्य आवश्यक कार्यवाही- 11 मई से 15 मई 2026
ये है जरुरी शर्तें
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में प्रवेश हेतु इन शर्तों व गाइड लाइन का करना होगा पालन
. इन विद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकेगा।
. एक विद्यार्थी एक विद्यालय हेतु ही आवेदन कर सकेगा।
. "महतारी दुलार योजना" अंतर्गत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को विशेष प्राथमिकता से प्रवेश दिया जायेगा। प्रवेश हेतु आवेदन पत्र के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी CMO द्वारा जारी पालक का मृत्यु प्रमाण पत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा।
. बी.पी.एल. एवं आर्थिक रूप से कमजोर पालकों के बच्चों को कुल रिक्त सीट के 25 प्रतिशत सीटों के विरूध्द प्रवेश दिया जायेगा। पालकों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
. कुल रिक्त पदों के 25 प्रतिशत सीटों पर आवेदक बच्चों का प्रवेश लॉटरी सिस्टम से होगा अर्थात कम्प्यूटर के माध्यम से रेंडमली चयन किया जायेगा।
. रिक्त सीट के विरूद्ध अधिक पात्र आवेदक होने पर लॉटरी से चयन किया जायेगा।
. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय में पूर्व से अध्ययनरत् छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश हेतु आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी।
. सह शिक्षा वाले विद्यालयों में कुल कुल रिक्त सीट का 50 प्रतिशत छात्राओं के लिए होगा। छात्राओं की पर्याप्त संख्या नही मिलने पर छात्रों से सीट भरी जा सकेगी।
. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालयों में विद्यालय की क्षमता अनुसार प्रवेश देने का अधिकार कलेक्टर की अध्यक्षता वाले सोसायटी को होगा।
. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालयों में कक्षा 6वीं एवं कक्षा 9वीं में प्रवेश सोसायटी के निर्णय अनुसार लिये जायेंगे।
. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में राज्य में पूर्व से चल रहे अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं के छात्र-छात्राओं को कक्षा 6वीं एवं कक्षा 9वीं में प्राथमिकता से प्रवेश दिया जाये।
. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कक्षा पहली में प्रवेश हेतु विद्यार्थी की आयु 31 मई 2026 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के मध्य होनी चाहिये।