काम की खबर: त्योहार पर ऐसे चमकाएं अपने सोने-चांदी के गहने, आजमाएं ये घरेलू नुस्खे

त्योहार का सीजन चल रहा है। अभी करवाचौथ और इसके बाद दिवाली का त्योहार आने वाला है। इन दोनों त्योहारों में महिलाएं सोने-चांदी के गहने पहनना और ट्रे़डिशनल तरीके से तैयार होना पसंद करती हैं। आज हम आपको बताएंगे कि आप घर पर ही किस तरह से सोने-चांदी के गहनों को साफ कर सकती हैं।

Update: 2024-10-19 13:26 GMT

रायपुर, एनपीजी न्यूज। त्योहार का सीजन चल रहा है। अभी करवाचौथ और इसके बाद दिवाली का त्योहार आने वाला है। इन दोनों त्योहारों में महिलाएं सोने-चांदी के गहने पहनना और ट्रे़डिशनल तरीके से तैयार होना पसंद करती हैं। आज हम आपको बताएंगे कि आप घर पर ही किस तरह से सोने-चांदी के गहनों को साफ कर सकती हैं, क्योंकि अधिकतर महिलाओं को ये डर होता है कि दुकान में सोने-चांदी के गहनों की सफाई कराने में कहीं वे ठगी का शिकार न हो जाएं।

हम आपको बताने जा रहे हैं कि किस तरह से आप घर पर ही कुछ घरेलू उपाय अपनाकर सोने-चांदी के गहनों को खुद से साफ कर सकती हैं।

सोने के गहनों को घर में इस तरह से करें साफ

  • बेकिंग सोडा का करें यूज- पहले 2 चम्मच बेकिंग सोडा हल्के गर्म पानी में घोल लें। फिर इसका पेस्ट बनाकर इसमें गहनों को आधे घंटे के लिए डुबोकर छोड़ दें, फिर स्पंज से इसे हल्के हाथों से साफ कर लें। इसके बाद इसे नॉर्मल पानी से धो दें।
  • नींबू से करें सोने के गहने साफ- एक कटोरी गर्म पानी में आधा नींबू निचोड़ें। इसमें सोने के गहनों को आधे घंटे के लिए छोड़ दें। फिर हल्के ब्रश से आराम से साफ करते हुए गहनों को पानी से धो लें।
  • हल्दी से करें सोने के गहने साफ- एक कटोरी गर्म पानी में थोड़ा सा वॉशिंग पाउडर और एक चुटकी हल्दी पाउडर मिलाएं। इसमें गहनों को डालकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर टूथ ब्रश से रगड़कर पानी से गहनों को धो लें।
  • टूथपेस्ट- टूथपेस्ट को टूथ ब्रश पर लगाएं। इसे सोने के गहनों पर धीरे-धीरे रगड़ें। अब साफ पानी से धो लें।
  • डिश वॉश लिक्विड यानि बर्तन धोने का लिक्विड- एक कटोरी गर्म पानी में माइल्ड सोप और डिश वॉश लिक्विड की कुछ बूंदें डालकर मिलाएं। गहनों को इसमें 15-20 मिनट तक डुबो दें। फिर साफ पानी से धो लें।

सावधानी बहुत जरूरी

  • व्हाइट और रोज गोल्ड के गहने इन घरेलू उपायों से साफ नहीं करें। सोने के गहनों को भी ब्लीच या मेटल क्लीनिंग लिक्विड या किसी केमिकल से साफ नहीं करें।

चांदी के गहनों को घर में इस तरह से करें साफ

  • सिरका से करें चांदी के गहने साफ- 4-5 चम्मच सिरका में नमक मिलाएं। इसे चांदी के गहनों पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर इसे गर्म पानी से धो लें।
  • टोमैटो सॉस से करें चांदी के गहने साफ- टोमैटो सॉस चांदी के गहनों पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। अब साफ कपड़े से चांदी को रगड़कर साफ कर लें, फिर गर्म पानी से धो लें।
  • डिटर्जेंट पाउडर से करें चांदी के गहने साफ- गर्म पानी में डिटर्जेंट पाउडर मिलाकर चांदी के गहनों को इसमें आधे घंटे के लिए छोड़ दें। फिर साफ पानी से गहनों को धो लें।
  • खाना पैक करने वाला फॉयल पेपर- पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर इसमें चांदी के गहनों को डाल दें। फिर कुछ देर बाद इसे पानी से निकाल लें। अब खाना पैक करने वाले एल्युमिनियम फॉयल पेपर से गहनों को रगड़ें।
Tags:    

Similar News