समंदर बना दिल्ली एयरपोर्टः आफत की बारिश से देश की राजधानी का बुरा हाल, हवाई यात्रा बाधित, एयरपोर्ट पहुंचने के रास्ता भी डूबा
नई दिल्ली, 11 सितंबर 2021। दिल्ली में देर रात हुई जबर्दस्त बारिश ने हाल बुरा कर दिया है। आलम यह है कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डा भी पानी से भर गया है। पानी का लेवल इतना बढ़ गया कि लाउंज के भीतर का एरिया भी उसके चपेट में आ गया। बारिश से एयरपोर्ट की व्यवस्था चरमरा गई है।
दिल्ली में जारी मूसलाधार बारिश के कारण चार घरेलू उड़ानें और एक अंतर्राष्ट्रीय उड़ान को दिल्ली से जयपुर और अहमदाबाद के लिए डायवर्ट की गई हैं।
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (क्प्।स्) ने कहा कि हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। अचानक हुई भारी बारिश के कारण कुछ देर के लिए प्रांगण में जलभराव हो गया। हमारी टीम ने तुरंत इस पर गौर करते हुए इस मुद्दे को सुलझा लिया।
बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के निचले इलाकों समेत आईटीओ, राजघाट, धौलाकुआं, मिंटो ब्रिज, आजाद मार्केट, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कई जगहों पर जलभराव होने के चलते सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। सभी जगह अंडरपासों में पानी भर गया है। इसके चलते लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश के आगे नगर निगमों द्वारा किए गए पानी निकासी के बंदोबस्त और दावे भी ध्वस्त हो गए।
दिल्ली में हो रही तेज बारिश का असर सड़क के साथ-साथ हवाई यातायात पर भी पड़ा है। विमानन कंपनी इंडिगो ने ट्वीट करके कहा- दिल्ली में खराब मौसम के कारण विमानों का प्रस्थान और आगमन भी प्रभावित हुआ है। अपने फ्लाइट की स्थिति पर नजर बनाए रखें।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में शहर में 97 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही मध्यम बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है। शहर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में इस महीने की शुरुआत में लगातार दो दिन 100 मिलीमीटर से अधिक की बारिश दर्ज की गई थी। एक सितंबर को 112.1 मिलीमीटर और दो सितंबर को 117.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अभी तक दिल्ली में इस महीने 248.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो सितंबर के लिए 129.8 मिलीमीटर की औसत बारिश से कहीं अधिक है।