कोरोना से AAP के पूर्व विधायक की मौत: तत्कालीन गृह मंत्री चिदंबरम पर जूता फेंक कर आए थे सुर्खियों में… केजरीवाल-सिसोदिया ने जताया शोक…

Update: 2021-05-14 06:51 GMT

नई दिल्ली 14 मई 2021. दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक जरनैल सिंह (48) का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जरनैल सिंह के निधन पर शोक जताया है। जानकारी के अनुसार, जरनैल सिंह ने 2014 में पहली बार आम आदमी पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजौरी गार्डन सीट से शानदार जीत हासिल की थी। इसके बाद पार्टी में उनका कद बढ़ता चला गया। पार्टी ने उन्हें पहले प्रवक्ता बनाया। बाद में उन्हें पंजाब में पार्टी की तरफ से बड़ी जिम्मेदारी दी गई।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक जरनैल सिंह के निधन पर शुक्रवार को शोक जताया। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दिल्ली के पूर्व विधायक जरनैल सिंह जी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। समाज में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जायेगा।

सिसोदिया ने सिंह को एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर याद किया जिन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने ट्वीट किया कि दिल्ली विधानसभा में पूर्व साथी रहे जरनैल सिंह के निधन का समाचार हम सबके लिए दुखद है। 1984 के नरसंहार के पीड़ित परिवारों के न्याय के लिए लड़ने वाली एक बुलंद आवाज हमारे बीच से चली गई। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में जगह दे।

गौरतलब है कि अगस्त 2020 में आम आदमी पार्टी ने जरनैल सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। इसका फैसला पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति में लिया गया था। जरनैल सिंह 2014 के विधानसभा चुनाव में राजौरी गार्डन से विधायक चुने गए थे। पंजाब में चुनाव लड़ रही आप ने उनको चेहरा बनाकर वहां भेजा और उन्होंने विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव हारने के बाद उनको दिल्ली में पंजाबी अकादमी का उपाध्यक्ष चुना गया। 2020 के चुनाव में हालांकि पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया था।

Tags:    

Similar News