महंगाई भत्ता बढ़ा : कर्मचारियों को अब केंद्र की तर्ज पर इस राज्य में मिलेगा 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता…. मुख्यमंत्री ने किया ये बड़ा ऐलान… जुलाई से मिलेगा कर्मचारियों को लाभ
पटना 15 अगस्त 2021। केंद्र सरकार के महंगाई भत्ता बढ़ाने के ऐलान के बाद अलग-अलग राज्यों में भी कर्मचारियों को सौगात मिलने का सिलसिला जारी है। 15 अगस्त के मौके पर बिहार में भी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले हो गयी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के कर्मचारियों का 11 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया है। सीएम ने राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 11% बढ़ाकर 28% करने का ऐलान किया।
अभी तक बिहार में राज्य कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 17% मिलता था। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों के साथ ही पेंशनर्स को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा, राज्य में कृषि को बढ़ावा देने के लिए कृषि से जुड़े तीन डिग्री कॉलेज की घोषणा भी उन्होंने की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार के कर्मचारियों व सरकारी पेंशन धारकों को एक जुलाई 2021 से 11 फीसद बढ़ी दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। इस तरह अब 17 के बदले 28 फीसद महंगाई भत्ता दिया जाएगा। इससे संबंधित आदेश वित्त विभाग जारी करेगा। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद सरकारी कर्मचारियों में साफ खुशी देखी जा सकती है। डीए बढ़ने को लेकर शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है। कर्मचारियों ने कहा कि काफी जरूरी था। अंतिम बार साल 2019 के अक्टूबर में डीए बढ़ा था। उन्होंने सीएम का आभार व्यक्त किया है।