ओमिक्रोन दिल्ली व मुंबई पहुंचा, एक-एक मरीज मिले, दोनो लौटे थे तंजानिया से, हेल्थ मिनिस्टर ने किया ट्वीट

Update: 2021-12-05 09:22 GMT

नई दिल्ली/ मुंबई, 5 दिसम्बर 2021। कल मुंबई में ओमिक्रोन से संक्रमित मरीज के मिलने के बाद आज देश में ओमीक्रोन वैरिएंट का पांचवा मरीज दिल्ली में मिला है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रविवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि तंजानिया से लौटे इस नागरिक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। 37 वर्षीय इस युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देश में ओमीक्रोन वैरिएंट का पहला मामला कर्नाटक में सामने आया था। 67 वर्षीय यह व्यक्ति साउथ अफ्रीका से आया था और कर्नाटक में कुछ कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ था। इस व्यक्ति की एक रिपोर्ट पॉजिटिव और दूसरी निगेटिव मिली थी, जिसके बाद वह दुबई चला गया था। दूसरा मामला भी कर्नाटक में ही मिला था, जबकि तीसरा केस गुजरात और चौथा शनिवार को महाराष्ट्र में पाया गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जो लोग बाहर से आ रहे हैं उनका टेस्ट किया जा रहा है। अभी तक 17 पॉजिटिव मरीज लोकनायक जयप्रकाश नाराणय अस्पताल में भर्ती हैं। 12 लोगों की जीनोम सिक्वेंसिंग हुई है। इनमें से 1 ओमीक्रोन का मरीज मिला है। उन्हाेंने कहा कि हम यह कह सकते हैं कि दिल्ली में पहला ओमीक्रोन केस है। इस बीच, मुंबई में भी तंजानिया का एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि तंजानिया से लौटे एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसका सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। वह फिलहाल एक अस्पताल में भर्ती हैं। उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। जो लोग मिल गए हैं, उनकी टेस्टिंग की गई है।             चौबीस घंटे में देश में 8,895 नए मामले :-                                                                                                                                                                                 


देश में शनिवार आधी रात तक कोरोना संक्रमण के 8,895 नए मामले सामने आए। इसके बाद देश में पिछले 24 घंटों के दौरान एक्टिव केस एक लाख से घटकर 99,155 पर आ गए हैं। कोरोना संक्रमण के 8,895 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3 करोड़ 46 लाख 33 हजार 255 हो गई है। इस दौरान 6,918 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर तीन करोड़ 40 लाख 60 हजार 774 हो गई है।

Tags:    

Similar News