बड़ी खबरः तय समय पर होगी नगरनार स्टील प्लांट की कमीशनिंग, तैयारियां अंतिम चरण में, सीएमडी सुमित देब चार महीने में दूसरी बार पहुंचे नगरनार, प्लांट का भ्रमण कर लिया तैयारियों का जायजा, टीम की हौसलाअफजाई की

सीएमडी सुमित देब ने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट कमीशनिंग अपने निर्धारित समय होगी जिसके लिए हमारी टीम सभी सम्बंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर लगातार कार्य को आगे बढ़ाने में जुटी है। हमारे परियोजना के इंजीनियरों और श्रमिकों का जोश देख मुझे यक़ीन है कि इस टीम के संकल्प के आगे कोई रूकावट नहीं आएगी और निर्धारित लक्ष्य और तय समय पर नगरनार स्टील प्लांट की शुरूआत हो जाएगी।

Update: 2021-10-30 14:13 GMT

नगरनार, 30 अक्टूबर 2021। देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक नवरत्न कंपनी एनएमडीसी द्वारा जगदलपुर के पास नगरनार में लगाए जा रहे नगरनार स्टील प्लांट की शुरूआत (कमीशनिंग) तय समय पर होगी। एनएमडीसी द्वारा कमीशनिंग की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कमीशनिंग की तैयारियों को जायजा लेने के लिए एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री सुमित देव ने निदेशक वित्त श्री अमिताव मुखर्जी और तकनीकी निदेशक श्री सोमनाथ नंदी के साथ नगरनार पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही प्लांट का निरीक्षण भी किया।


इस अवसर पर श्री देव ने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट कमीशनिंग अपने निर्धारित समय होगी जिसके लिए हमारी टीम सभी सम्बंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर लगातार कार्य को आगे बढ़ाने में जुटी है। हमारे परियोजना के इंजीनियरों और श्रमिकों का जोश देख मुझे यक़ीन है कि इस टीम के संकल्प के आगे कोई रूकावट नहीं आएगी और निर्धारित लक्ष्य और तय समय पर नगरनार स्टील प्लांट की शुरूआत हो जाएगी। एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के रूप में श्री सुमित देव विगत चार माह में दूसरी बार नगरनार पहुंचे थे और उन्होंने सभी कमीशनिंग की तैयारी में जुटे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए विश्वास जताया कि एनएमडीसी ने जो समय सीमा निर्धारित की है उस तय समय सीमा में नए साल में नगरनार प्लांट की शुरूआत हो जाएगी।

एनएमडीसी सीएमडी के दो दिवसीय नगरनार स्टील प्लांट दौरे में उनके साथ एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त नगरनार स्टील प्लांट की रुपरेखा बनानेवाली (और जिसकी देखरेख में निर्माण हो रहा है) सरकारी कंपनी मेकांन के डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स एवं प्रभारी अध्यक्ष श्री सलिल कुमार भी मौजूद थे। अपने प्रवास के दौरान श्री सुमित देव ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर स्टील प्लांट की कमीशनिंग की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में श्री प्रशांत दास, कार्यकारी निदेशक और प्रभारी, नगरनार स्टील प्लांट ने कमीशनिंग के लिए हो रहे कार्यों का विस्तार में ब्यौरा दिया। बैठक के दौरान अफसरों तथा निर्माण में शामिल प्रमुख ठेकेदारों और एजेंसियों विचार - विमर्श कर कमीशनिंग के अंतिम चरण में आने वाले कठिनाईयों से निपटने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

अपने प्रवास के दौरान श्री देव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नगरनार स्टील प्लांट का दौरा कर बाय प्रोडक्ट प्लांट, डी जी स्टेशन, थीन स्लैब कास्टर तथा रोलिंग मिल्स इलाकों का विस्तार में जायज़ा लिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। प्रोजेक्ट में कार्यरत कर्मचारियों के टीम वर्क की सराहना करते हुए श्री देब ने उन्हें सुरक्षा के सभी मापदंडों का पालन करने का आग्रह किया। कर्मचारियों को उत्साहित करते हुए उन्होनें कहा ष्मन में भविष्य के बारे में कोई आशंका को बसने न दें और काम पर लक्ष्य केंद्रित कर इसे जल्द आगे बढ़ाइए क्योंकि एनएमडीसी मैनेजमेंट आपके हर हित का पूरा ख्याल रखेगी।

कार्य प्रगति से जिला प्रशासन को भी अवगत कराया

अपने प्रवास के दौरन श्री देव ने स्थानीय जिला प्रशासन के साथ भी बैठक की और राज्य सरकार द्वारा प्लांट की कमीशनिंग में दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला प्रशासन के साथ देर रात हुई बैठक में श्री देब तथा एनएमडीसी के दोनो निदेशकों ने बस्तर के कलेक्टर श्री रजत बंसल को कमीशनिंग से जुड़े प्रोजेक्ट के सभी कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर श्री देव ने जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका और सहयोग के लिए श्री बंसल का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सक्रिय भूमिका को सराहा और बस्तर के प्रति एनएमडीसी के प्रतिबद्धता का विश्वास दिलाया ।

Similar News