Raipur News: दर्दनाक हादसे में 6 कर्मचारियों की मौत, हैवी मशीनरी का एक बड़ा टुकड़ा टूटकर गिरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी...मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Raipur News: राजधानी रायपुर में दर्दनाक हादसे में छह कर्मचारियों की मौत हो गई। मौके पर पुलिस पहुंची हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Update: 2025-09-26 13:46 GMT

Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित गोदावरी स्टील प्लांट में हुये हादसे में छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी घायल हो गये। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर हैवी मशीनरी का एक बड़ा टुकड़ा टूटकर गिर गया। हादसे में मशीन के नीचे काम कर रहे दर्जन भर से ज्यादा कर्मचारी दब गये।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर है। घटना स्थल पर रेस्क्यू जारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शव को बाहर निकाल लिया है। दो शव बुरी तरह से झुलस गये है। शव की हड्डियां नजर आ रही है। वहीँ घायलों में 5 आईसीयू में है, जिसमें से एक फैक्ट्री का GM भी शामिल हैं। एक मरीज को मामूली चोट लगी, जो पट्टी करवाकर घर चला गया।

जानिए घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक, घटना सिलतरा चौकी क्षेत्र की है। आज दोपहर निर्माणाधीन गोदावरी फैक्ट्री में काम चल रहा था। इसी दौरान फैक्ट्री के अंदर हैवी मशीनरी का बड़ा हिस्सा टूटकर काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। मशीन के मलबे में कई मजदूर दब गये।

जानकारी यह भी मिल रही है कि दर्दनाक हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं, आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर घायल हो गये। घटना स्थल पर पुलिस की टीम पहुंची है और रेस्क्यू का काम जारी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा प्लांट के अंदर पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में हुआ है।

मशीन के मलबे को हटाने का काम जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मजदूरों के परिजन भी पहुंचे हैं। प्लांट के बाहर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद है। मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने जताया शोक

सिलतरा स्थित फैक्ट्री में आज हुए दर्दनाक हादसे में 6 श्रमिकों की मृत्यु हो गई तथा कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है।

मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Tags:    

Similar News