रायपुर में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा ग्रामीण: फॉर्चुन मेटल कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप, वीडियो आया सामने

रायपुर में एक ग्रामीण आत्महत्या के लिए हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

Update: 2026-03-16 08:36 GMT

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news

रायपुर 16 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। इस दौरान उसने फॉर्चुन मेटल प्राइवेट लिमिटेड पर अपनी जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए जमीन को कंपनी के कब्जे से छुड़ाने की मांग की। 

क्या है पूरा मामला ?  

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण का नाम किशन लाल निषाद है, जो कि सोंडरा गांव का रहने वाला है। किशन लाल निषाद का आरोप है कि सोंडरा गांव में स्थित उसकी जमीन पर फॉर्चुन मेटल प्राइवेट लिमिटेड ने कब्जा कर लिया है। पिछले 12 साल से वह अपनी जमीन वापस पाने के लिए शासन-प्रशासन और अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।



सुनवाई-कार्रवाई नहीं होने पर उठाया आत्मघाती कदम

12 साल से कोई सुनवाई और कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर सोमवार सुबह वह सिलतरा चौकी क्षेत्र में स्थित हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया और जमीन को कंपनी के कब्जे से छुड़ाने की मांग करने लगा। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन को लगी, तो बिजली सप्लाई बंद करा दी गई। इसके बाद SDM, तहसीलदार के साथ धरसीवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उससे नीचे उतरने की अपील की। 

परिजनों का क्या कहना है ? 

इस मामले में परिजनों का कहना है कि किशन लाल निषाद ने अपनी जमीन को कंपनी के कब्जे से छुड़ाने के लिए कई बार शिकायत दर्ज कराई थी पर सुनवाई और कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर आत्मघाती कदम उठाते हुए वह हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। फिलहाल प्रशासन की टीम उसे समझाने में जुटी हुई है।                    

Tags:    

Similar News