वित्त मंत्री ओपी के जिले ने मारी बाजी, ऑटो डायवर्सन के सबसे अधिक प्रकरण देकर प्रदेश में टॉपर

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के गृह जिले रायगढ़ के अनुभाग ने राज्य में टॉप पर जगह बना ली है। रायगढ़ ने डिजिटल भूमि डायवर्सन प्रणाली में बहुत बड़ी सफलता हासिल कर ली है।

Update: 2026-04-07 14:03 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

रायगढ़। 7 अप्रैल 2026| आम जनता की सुविधा के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अचल संपत्ति के डायवर्सन की प्रणाली को भी ऑनलाइन कर दिया है। इसमें भूमि मालिक को कहीं आवेदन नहीं देना पड़ता और स्वत: ही काम हो जाता है। श्री चौधरी ने राजस्व विभाग में भूमि डायवर्सन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ऑटो डायवर्सन प्रणाली की शुरुआत की है। इस प्रणाली के अंतर्गत नागरिक अपनी भूमि के डायवर्सन संबंधी आवेदन सीधे नागरिक सुविधा पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन चालान के माध्यम से कर सकते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है।

इसी क्रम में रायगढ़ अनुभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। अनुभाग द्वारा आवेदन प्राप्ति से लेकर ऑनलाइन चालान के माध्यम से राशि जमा कराने एवं प्रकरणों के निराकरण तक प्रभावी कार्य किया गया है। अब तक रायगढ़ अनुभाग में कुल 180 ऑटो डायवर्सन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके माध्यम से 27,09,683 रुपए (सत्ताइस लाख नौ हजार छह सौ तिरासी रुपये) की राशि शासन के खाते में ऑनलाइन चालान के माध्यम से जमा हुई है।

46 प्रकरणों में समयसीमा के भीतर आदेश

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रायगढ़ द्वारा प्राप्त आवेदनों में से 46 प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर अंतिम आदेश जारी कर निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण जारी है। एसडीएम रायगढ़ के अनुसार यह प्रणाली प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भूमि व्यपवर्तन की प्रक्रिया सरल हुई है और नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। आगे भी सभी प्रकरणों का अभियान चलाकर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अब तक कुल 770 आवेदन दर्ज किए गए हैं, जिनमें अकेले 180 आवेदन रायगढ़ अनुभाग से हैं, जो इसे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर स्थापित करता है।

Tags:    

Similar News