Raigarh News: निकली थी स्कूल जाने, युवक ने किया अपहरण, फिर छात्रा को झांसी लेजाकर किया दुष्कर्म, जानिए घटनाक्रम
Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से गुम हुई लापता छात्रा को पुलिस ने झांसी से खोज निकाला है। साथ ही एक आरोपी को भी पकड़ा है। आरोपी ने ही बालिका का अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म किया था।
Raigarh News: रायगढ़। रायगढ़ के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से लापता हुई छात्रा को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी गोविंद ओगरे नाम के युवक ने अपनी कार से बालिका का अपहरण कर उसे यूपी के झांसी ले गया था। यहां पर बालिका के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नवाबाद, जिला झांसी से आरोपी गोविंद ओगरे के कब्जे से बरामद कर सुरक्षित वापस ला लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम में दोस्ती बढ़ाकर बालिका को शादी का झांसा देकर अपने कार से बहला-फुसलाकर झांसी ले गया था।
जानिए घटनाक्रम
दरअसल, 29 जनवरी को बालिका के परिजनों ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आशंका व्यक्त की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट पर गुम इंसान तथा अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा परिजनों, सहेलियों से पूछताछ की गई थी। जांच के दौरान बालिका के जिला झांसी (उ.प्र.) में होने की जानकारी मिली। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई, जहां नवाबाद क्षेत्र में संदेही युवक गोविंद ओगरे के कब्जे से बालिका को बरामद किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश व ASP अनिल सोनी के नेतृत्व में मामले में कार्रवाई करते हुए गुम बालिका को उसके परिजनों से मिलाया गया।
शादी समारोह के दौरान गोविंद ओगरे से पहचान
बालिका का बयान महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में दर्ज कराया गया। बालिका ने बताया कि मई 2025 में एक शादी समारोह के दौरान गोविंद ओगरे से उसकी पहचान हुई थी और दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी। आरोपी ने प्रेम प्रसंग की बात कर 29 जनवरी को शादी का प्रलोभन देकर उसे स्विफ्ट कार से झांसी ले गया तथा शारीरिक संबंध स्थापित किया। बालिका के कथन एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 87 एवं 64(1) बीएनएस और 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।
आरोपी गोविंद ओगरे पिता स्व. राम कुमार ओगरे 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 2 ब्लॉक कॉलोनी घरघोड़ा, थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी की सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी-13-एवाय-8596 तथा एक वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश बोले कि “परिजनों को अपने बच्चों के साथ संवाद और सतर्कता बनाए रखनी चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली अपरिचित संपर्कों पर विशेष निगरानी आवश्यक है। रायगढ़ पुलिस महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करती रहेगी।”