जांजगीर: नैला में 160 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, जहां मां की स्वर्ण जड़ित 35 फीट ऊंची प्रतिमा है विराजमान, सोने-चांदी और हीरे-मोतियों से सजा है माता का रथ

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नैला की दुर्गा पूजा पूरे राज्य में बेहद प्रसिद्ध है। इस बार यहां थाइलैंड के अरुण देव मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पंडाल बनाया गया है, जो लोगों की आकर्षण का केंद्र है। यहां मां की स्वर्ण जड़ित 35 फीट ऊंची प्रतिमा विराजमान है। मां ने सोने-चांदी, हीरे-मोतियों के गहनों से भव्य श्रृंगार भी किया है।

Update: 2024-10-10 10:56 GMT

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नैला की दुर्गा पूजा पूरे राज्य में बेहद प्रसिद्ध है। यहां का दुर्गा पूजा देखने के लिए न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के राज्यों ओडिशा, झारखंड समेत अन्य राज्यों से भी लोग आते हैं। इस बार यहां थाइलैंड के अरुण देव मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पंडाल बनाया गया है, जो लोगों की आकर्षण का केंद्र है।

मां की 35 फीट ऊंची स्वर्ण जड़ित प्रतिमा

यहां स्वर्ण जड़ित 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित है, जो पांच शेरों पर सवार होकर स्वर्ण सिंहासन पर बैठी हैं। वहीं थाइलैंड के विश्व प्रसिद्ध अरुण मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित 160 फीट ऊंचा और 150 फीट चौड़ा प्रवेश द्वार बनाया गया है। यहां पर आकर्षक लाइटिंग भी की गई है, जिसे देख लोग दांतों तले ऊंगलियां दबा रहे हैं। पंडाल में दुबई के बुर्ज खलीफा की तर्ज पर विशेष लाइटिंग और लेजर शो का आयोजन भी किया जा रहा है। यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों और भव्य पंडाल व सजावट को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।


पश्चिम बंगाल के कारीगरों ने किया काम

इस भव्य पंडाल को पश्चिम बंगाल से आए 35 40 कारीगरों ने बनाया है। यहां मां दुर्गा सोने-चांदी और हीरे-मोतियों से सजे रथ में विराजमान हैं। मां दुर्गा ने भी सोने-चांदी और हीरे-मोतियों से बने करोड़ों के गहने पहन रखे हैं। यहां जो लेजर शो दिखाया जा रहा है, उसका साउंड इफेक्ट भी बहुत अट्रैक्टिव है।

यहां 4 दिनों में पहुंचे 3 लाख से ज्यादा भक्त

यहां 4 दिनों में 3 लाख से ज्यादा भक्त मां दुर्गा के दर्शन के लिए आ चुके हैं। माता रानी के दर्शन के लिए पंडाल 24 घंटे खुला है। यहां दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक चिकित्सा का भी इंतजाम किया गया है। साथ ही पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए भी जवान लगाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यहां पुलिस चौकी भी खोला गया है और सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


41 सालों से मनाई जा रही है भव्य तरीके से दुर्गा पूजा

जांजगीर-चांपा में श्री श्री दुर्गा उत्सव सेवा समिति पिछले 41 सालों से माता रानी का भव्य पंडाल बना रहा है। पहले जिले के रेलवे स्टेशन के पास नवरात्र का आयोजन किया जाता था, लेकिन अब समिति ने अग्रसेन भवन के सामने माता का दरबार सजाया है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा को सारंगढ भटगांव के मूर्ति कलाकारों ने तैयार किया है। इस पंडाल में एक हजार श्रद्धालु एक साथ मां दुर्गा के दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए एक बड़ा परिसर भी बनाया गया है। परिसर की बहुत ही सुंदर सजावट भी की गई है।

Tags:    

Similar News