3 कर्मचारी गिरफ्तार: सरकारी खरीदी में गबन, पुलिस ने तीन कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

CG Paddy News: धान की सरकारी खरीदी समाप्त हो चुकी है। इसके बाद उठाव के वक्त कुछ सेंटरों में गड़बड़ी का खुलासा होने लगा है। ऐसे ही एक खरीदी केंद्र में धान कम मिलने और बोरों को गायब करने के मामले में कार्रवाई की गई है।

Update: 2026-04-09 03:35 GMT

इमेज- इंटरनेट 

9 अप्रैल 2026, बिलासपुर। जिले में सीपत में धान खरीदी केंद्र बनाया गया था। खबर है कि सीपत थाना क्षेत्र में धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सीपत पुलिस ने धान मंडी में 420 क्विंटल से अधिक धान के गबन के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंप्यूटर सेट भी जब्त किया है।

सीपत टीआई राजेश मिश्रा के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सीपत के शाखा प्रबंधक सूर्यकांत जायसवाल की लिखित शिकायत पर प्रबंधक अमित वर्मा, प्राधिकारी अधिकारी/अध्यक्ष तुलसी देवी कौशिक, प्रभाकर वैष्णव धान खरीदी प्रभारी, रमेश कुमार साहू कम्प्यूटर आपरेटर और जगन्नाथ कौशिक बारदाना प्रभारी के द्वारा सरकारी धान का गबन करने के मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस को शिकायत में बताया गया कि सेवा सहकारी समिति क्रमांक 26 सीपत में धान खरीदी के दौरान भारी अनियमितता की गई। जांच में सामने आया कि कुल 420.39 क्विंटल धान, 528 नग नया बारदाना और 5045 नग पुराना बारदाना का गबन किया गया है।

इस पूरे मामले में समिति से जुड़े कई जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका पाई गई। मामले की विवेचना के दौरान सीपत पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित वर्मा निवासी बाजार पारा सीपत, रमेश साहू निवासी नवागांव मचखंडा बस्तीपारा और जगन्नाथ कश्यप निवासी नवाडीह माताचैरा सीपत शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी अमित वर्मा से धान खरीदी से संबंधित रजिस्टर तथा रमेश साहू से ऑनलाइन खरीदी में प्रयुक्त कम्प्यूटर सेट जब्त किया है।

Tags:    

Similar News