CG Naxal News: 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर, सुरक्षाबलों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
CG Naxal News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। जवानों ने 8 लाख के इनामी माआवादी डिप्टी कमांडर को मार गिराया। मुख्यमंत्री ने जवानों को मिली कामयाबी पर उन्हें बधाई दी हैं।
CG Naxal News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने 8 लाख के इनामी माओवादी डिप्टी कमांडर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। जवानों को मिली सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई दी हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के बीजापुर जिले में माओवादियों की पीएलजीए बटालियन के 8 लाख के इनामी डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना को सुरक्षा बलों द्वारा न्यूट्रलाइज किए जाने पर सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, सटीक रणनीति और जनसहभागिता की सराहना की है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त करने का मिशन निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार इस अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह कार्रवाई हमारे वीर सुरक्षाबलों के पराक्रम और सुनियोजित अभियानों का जीवंत उदाहरण है। सुरक्षाबलों की निरंतर और निर्णायक कार्रवाइयों ने नक्सल संगठन की रीढ़ तोड़ दी है। आज नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार पूरी दृढ़ता के साथ यह अभियान जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य के हर क्षेत्र में लोकतंत्र, विश्वास और प्रगति की विजय सुनिश्चित होगी।
जानिए घटनाक्रम
बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादी कैडर की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 202, कोबरा 210 एवं सीआरपीएफ यंग प्लाटून की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।
तेलंगाना राज्य समिति, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, PLGA बटालियन नंबर 1 तथा अन्य सशस्त्र माओवादी कैडर उक्त क्षेत्र में सक्रिय थे। इस सूचना के आधार पर संयुक्त बलों ने माओवादी उपस्थिति की पुष्टि के बाद अभियान शुरू किया।
यह अभियान 4 जुलाई से प्रारंभ हुआ, जिसके दौरान पुलिस बल और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र की तलाशी के दौरान एक सशस्त्र वर्दीधारी माओवादी का शव, .303 रायफल, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं नक्सल संबंधी अन्य सामान भी बरामद किया गया।
मृत माओवादी की पहचान सोढ़ी कन्ना के रूप में हुई है, जो PLGA बटालियन नंबर 1 की कंपनी नंबर 2 का डिप्टी कमांडर था। उस पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 8 लाख का इनाम घोषित था।
सोढ़ी कन्ना टेकलगुड़ियम क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों, धरमारम कैंप पर हमले समेत कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है। वह सीसीएम माड़वी हिडमा का सहयोगी था और बटालियन में स्नाइपर के रूप में कार्यरत था। उसके मारे जाने से माओवादी संगठन को स्नाइपर क्षमताओं के लिहाज से भारी क्षति हुई है।
बरामद सामग्री
1. 01 नग .303 रायफल तथा 05 नग जीवित राउंड
2. एके-47 का मैग्जीन व 59 नग जीवित राउंड
3. माओवादी वर्दी – 01 जोड़ी
4. कोडेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर, नक्सली पिट्ठू, नक्सली साहित्य, रेडियो व अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
आईजी सुन्दरराज पी. ने बताया कि "वर्ष 2024 में प्राप्त निर्णायक सफलताओं को आगे बढ़ाते हुए, वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग में प्रतिबंधित एवं गैरकानूनी सीपीआई (माओवादी) संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा सघन, रणनीतिक एवं निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। बीते 18 महीनों (2024–25) में अब तक 415 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं...यह आँकड़ा सुरक्षा बलों की कुशल योजना, साहसिक कार्रवाई और जनसमर्थन का स्पष्ट प्रमाण है।"