गैस सिलेंडर: युद्ध का असर, होटलों और रेस्टोरेंट में प्रदेश भर में छापे.. बिलासपुर में होटल और उद्योगों में कर्मशियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बैन!
CG LPG Gas News: घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ में छापों का दौर शुरू हो गया है। दो जिलों के कलेक्टरों ने अमले भेज कर होटलों, रेस्टोरेंट की जांच करवा दी। वहीं बिलासपुर, कोरबा सहित ज्यादातर जिलों के कलेक्टरों ने इस पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।
इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर। ईरान और इजराइल के युद्ध के बीच छत्तीसगढ़ में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है। होटलों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न किया जाए, इसके लिए एकाएक जिलों में जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति बरकरार रहे, साथ ही इसके अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने को कहा है।
राज्य शासन के निर्देश के बाद कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आज रायगढ़ शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और भोजनालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय, गणगौर स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों के निर्धारित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए ही किया जाना निर्धारित है। किसी भी प्रकार से इसका व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को केवल व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए।
सिलेंडर उपलब्धता की भी ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही आपूर्ति व्यवस्था तथा सिलेंडरों की उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक एवं वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपील- जनता न घबराएं
प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर संग्रहित करने की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों को समय-समय पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से गैस की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके माध्यम से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस की सुचारू उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
कोरबा में सघन जांच
कोरबा में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी जिले में गैस डीलरों की मीटिंग लेकर स्थिति की समीक्षा की। उसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने हेतु जिले में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सब्सिडी युक्त गैस का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग न केवल नियमविरुद्ध है, बल्कि आम जनता के अधिकारों का भी उल्लंघन है। आज ट्रांसपोर्टर नगर, कोरबा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान सेंटर प्वाइंट का निरीक्षण राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में व्यावसायिक प्रयोजन से 6 घरेलू गैस सिलेंडरों (3 भरे हुए तथा 3 खाली) का उपयोग किया जाना पाया गया, जो प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और घरेलू गैस के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर दुदावत ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और घरेलू गैस सिलेंडरों का अनुचित उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बिलासपुर में भी ली गई थी बैठक
बता दें कि बिलासपुर जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने भी स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आम उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक में आकर गैस का अनावश्यक भंडारण करने की जरूरत नहीं है। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।