CG Liquor Scam: शराब घोटाले में ACB ने आबकारी विभाग के डिप्टी कमिश्नर को किया गिरफ्तार

CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह को गिरफ्तार कियाा गया है।

Update: 2026-02-19 12:52 GMT

CG Liquor Scam: रायपुर। चर्चित शराब घोटाला मामले में आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर को ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि सीएसएमसीएल द्वारा मैन पावर एजेंसियों को अवैध भुगतान कर शासन को लगभग 100 करोड़ का चूना लगाया गया था। आरोपी नवीन प्रताप तोमर को आज न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड ली गई है। प्रकरण में पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, ब्यूरो में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 44/2024 धारा 7 बी, 8 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथासंशोधित 2018 एवं धारा 120 बी भा.द.वि. के प्रकरण दर्ज है। मामले में कार्रवाई करते हुए EOW-ACB ने आरोपी आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर को गिरफ्तार किया है।

प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अधिकारियों ने 29 नवम्बर 2023 को तीन लोगों से नगद 28.8 लाख रुपए जब्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन को सूचना प्रेषित किया था, जिस पर EOW-ACB द्वारा प्रथम सूचना पत्र दर्ज की गई थी।

जाँच में पाया गया कि CSMCL के अधिकारियों द्वारा संबद्ध मैन पावर एजेंसी को षडयंत्रपूर्वक अवैध भुगतान किये जाते थे और भुगतान का एक निश्चित हिस्सा कमीशन के रूप में रिश्वत प्राप्त किया जाता था। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जब्त की गई राशि मैन पावर एजेंसी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड एवं अलर्ट कमांडोज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के द्वारा दिया जाने वाला रिश्वती रकम था, जो तत्कालीन उप महाप्रबंधक CSMCL नवीन प्रताप सिंह तोमर तक पहुंचाया जाना था।

अब तक की विवेचना में CSMCL द्वारा मैन पावर एजेंसियों को अवैध भुगतान कर शासन को लगभग 100 करोड़ रूपये आर्थिक क्षति कारित किये जाने के प्रमाण प्राप्त हुए हैं। आरोपी को आज (19 फरवरी 2026) को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड ली गई है। प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Tags:    

Similar News