CG Korba News: पत्नी-पत्नी और बच्चे की मौत मामले में बड़ा खुलासा, एक महिला गिरफ्तार, जानिए क्या था पूरा मामला...

CG Korba News:छत्तीसगढ़ के कोरबा में पति-पत्नी और बच्चे की मौत मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।

Update: 2024-05-14 09:26 GMT

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में पति-पत्नी और बच्चे की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। साथ ही इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक ने गिरफ्तार महिला के मकान के निर्माण की ठेकेदारी की थी। काम पूरा होने के बाद महिला बकाया रकम काफी समय से नहीं लौटा रही थी। इधर, काम करने वाले मजदूर अपनी मजदूरी के लिए ठेकेदार पर लगातार दबाव बना रहे थे। इस बात से परेशान होकर युवक ने पत्नी और बच्चे की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली थी।

जानिए क्या था मामला 

दरअसल, घटना उरगा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कोकरीचोली में 9 मई को पति पत्नी और बच्चे की लाश मिली थी। जयराम रजक अपनी पत्नी सुजाता रजक और दो साल की बच्ची के साथ रहता था। जयराम रजक मजदूरी के साथ-साथ ठेकेदारी भी करता था। बुधवार 8 मई की रात में परिवार के साथ खाना खाकर सो गया था और अगले दिन 9 मई की सुबह तीनों की लाश घर के अंदर मिली। पत्नी और बच्चे का शव पलंग में और पति की लाश बगल में थी। तीनों के ऊपर धारदार हथियार के निशान थे। घर में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था । पुलिस और सायबर की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

अंदर से बंद था दरवाजा

पुलिस पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि सुबह काफी देर तक जयराम रजक के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो बाहर से आवाज दी गई। जिसके बाद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलाने पर अनहोनी की आशंका पर मृतक के छोटे भाई और मां ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा। कमरे का नजारा देख दोनों की आंखे फटी की फटी रह गई। कमरे के अंदर तीन लाश पड़ी हुई थी।

पैसे नहीं मिलने से  परेशान था मृतक

घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ठेकेदारी काम की बकाया राशि नहीं मिलने से परेशान होने की बात लिखी है। नीचे पढ़ें क्या कुछ लिखा है सुसाइड नोट में...

सिलयारीभाठा निवासी संतोषी सिंह के मकान के निर्माण का काम उसने ठेके में लिया था। मकान निर्माण में उसने मिस्त्री, लेबर और रेजा लगाये थे। मकान का काम पूरा होने के बाद भी संतोषी उसे ठेकेदारी के बकाया  1 लाख 88 हजार 100 रूपये नहीं लौटा रही थी। चुकीं मकान में काम करने वाले मजदूरों को भी उनकी मजदूरी नहीं मिली थी। मजदूरों के द्वारा लगातार ठेकेदार जयराम पर रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था। इस बात से जयराम काफी परेशान रहने लगा था और उसके घर की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई थी। इसी के चलते उसने अपनी पत्नी-बच्चे और खुद की जान ले ली।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने एनपीजी से चर्चा में बताया कि मृतक मजदूरी के साथ साथ ठेकेदारी भी करता था। सुसाइड नोट के आधार पर जानकारी मिली कि मृतक एक महिला के यहां मकान निर्माण का काम किया था। महिला उसे मजदूरी के पैसों का भुगतान नहीं कर रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल मामले में गिरफ्तार महिला से पूछताछ जारी है।

घटना स्थल से मिले सुसाईड नोट व मृतक के साथ काम करने वाले मिस्त्री, लेबर, रेजा के बयान के बाद धारा 306 भादवि दर्ज कर आरोपियॉ संतोषी जगत को गिरफ्तार किया गया। विवेचना के दौरान आरोपियॉ संतोषी जगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

Tags:    

Similar News