CG Crime News: वर्क फ्राॅम होम के नाम पर 58 लाख की धोखाधड़ी, 2 आरोपी गिरफ्तार, 13 राज्यों में हैं वांटेड...
CG Crime News: रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने 13 राज्यों में वांटेड और 58 लाख की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के द्वारा वर्क-फ्राॅम होम के नाम पर चूना लगाते थे।
CG Crime News: रायपुर। छत्तीसगढ़ रायपुर रेंज की साइबर टीम ने राजस्थान में छापामार कार्रवाई कर 58 लाख की ठगी करने वाले दो ठगों को पकड़ा है। ऑनलाइन वर्क-फ्राॅम होम जाॅब के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे। पूर्व में भी पुलिस ने आरोपियों के तीन साथियों को पकड़ा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 13 राज्यों में अपराध दर्ज है।
जानिए पूरा मामला
ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर आरोपियों द्वारा साइबर फ्राड करने पर थाना राखी और धरसीवां में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। पीड़ित पारस कुमार धीवर द्वारा थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के झांसे 24 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। रिपोर्ट पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 224/24, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
दूसरी शिकायत में पीडत ललित साहू द्वारा थाना धरसीवां में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के झांसे 34 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। रिपोर्ट पर थाना धरसीवां में अपराध क्रमांक 179/24, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
विवेचना के दौरान आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश में ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत बैंक खातों, मोबाइल नंबरों व टेलीग्राम एप से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के आधार पर प्रकरण में संलिप्त मुख्य आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को राजस्थान और महाराष्ट्र भेजा गया, जहाँ रेड कार्रवाई कर पूर्व में तीन आरोपियों भवानी सिंह, निवासी अजमेर, उत्पल पंचारिया जोधपुर और साहिल संतोष, नासिक (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ व तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर प्रकरण में संलिप्त दो अन्य मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया।
1 आशीष परिहार, पिता बनवारी लाल परिहार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डेराथू, नसीराबाद, जिला अजमेर (राजस्थान) और
2 लक्ष्मन देवाशी पिता साकला देवासी उम्र 37 वर्ष पता भारला पाली (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध 13 साइबर सेल/राज्यों में भी रिपोर्ट दर्ज होना पाया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम फ्राड कैसे पहचानें
टास्क/लाइक/रिव्यू जॉब: आसान काम के बदले मोटी कमाई का लालच
रजिस्ट्रेशन/सिक्योरिटी फीस: काम शुरू करने से पहले पैसे मांगना
फेक HR कॉल/मैसेज: WhatsApp या Telegram पर अनजान नंबर से ऑफर
फर्जी ऐप/लिंक: बाहर से APK डाउनलोड करवाना
बैंक/UPI की जानकारी मांगना: OTP, UPI Collect स्वीकार करवाकर पैसे निकलवाना
सतर्क रहने के उपाय
कोई फीस न दें–असली नौकरी पैसे नहीं मांगती।
कंपनी की जांच करें–वेबसाइट, ऑफिस एड्रेस, आधिकारिक ई-मेल देखें।
अनजान लिंक न खोलें–खासकर शॉर्ट लिंक/QR/OTP/UPI साझा न करें
ऐप सिर्फ आधिकारिक स्टोर से–जैसे Google Play Store/App Store से डाउनलोड करें
स्क्रीनशॉट/रिकॉर्ड सुरक्षित रखें–चैट, नंबर, ट्रांजैक्शन ID संभालकर रखें।