CG Crime News: सनकी पति ने पत्नी की कर दी बेरहमी से हत्या, भयावह हत्याकांड के गवाह बने मासूम बच्चे

CG Crime News: सनकी और शराबी पति ने मासूम बच्चों के सामने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। ईंट से पत्नी के सिर पर हमला किया, फिर बाथरूम के फर्श पर सिर पटक दिया। मरणासन्न हालत में जमीन पर पड़ी पत्नी को लात मार-मारकर जान ले ली। पिता के हैवानियत को एक किनारे बेबस खड़ी 12 साल की बेटी देखती रही।

Update: 2026-03-09 05:01 GMT

बिलासपुर। 9 मार्च 2026, सनकी और शराबी पति ने मासूम बच्चों के सामने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। ईंट से पत्नी के सिर पर हमला किया, फिर बाथरूम के फर्श पर सिर पटक दिया। मरणासन्न हालत में जमीन पर पड़ी पत्नी को लात मार-मारकर जान ले ली। पिता के हैवानियत को एक किनारे बेबस खड़ी 12 साल की बेटी देखती रही।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर के नेहरू नगर इलाके में रविवार को एक सनकी शराबी पति ने अपने ही मासूम बच्चों के सामने - पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बता दें कि आरोपी पहले अपने ससुर की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है।

पढ़िए क्या है मामला?

कोटा निवासी पुष्पलता यादव (37) नेहरू नगर स्थित खंडहर हो चुके एमआईजी-33 मकान में पति युवराज यादव और चार बच्चों के साथ रह रही थी। युवराज कोई काम नहीं करता था, इसलिए पुष्पलता मोहल्ले के घरों में झाड़ू पोंछा व बर्तन धोकर परिवार का भरण-पोषण करती थी। कॉलोनी की एक महिला ने उनकी हालत देखकर अपना पुराना मकान एक महीने के लिए रहने दिया था।

रविवार सुबह काम से लौटने पर मकान मालकिन मीरा सिंह घर आईं और मकान खाली करने कहा। बेटी के अनुसार जैसे ही आंटी गईं, उसके पिता गाली देने लगे और गुस्से में ईंट उठाकर मां के सिर पर मार दिया। खून निकलते देख मां घर के अंदर भागी, लेकिन पिता ने दौड़ाकर पकड़ लिया और बाथरूम के फर्श पर उनका सिर पटक दिया। बेटी ने बताया कि इसके बाद पिता लगातार मां के सिर पर लात मारते रहे। डर के मारे वह अपनी दो साल की बहन को गोद में उठाकर सड़क की ओर भागी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले वाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। आरोपी कोटा के मोहनभाठा में अपने घर भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे मंगला से गिरफ्तार कर लिया है।

ससुर की हत्या के आरोप में एक साल जेल में रहा

मृतका की जेठानी रानी ने बताया कि युवराज स्वभाव से ही हिंसक है। वह पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। करीब 12 साल पहले टिकरापारा में उसने मामूली विवाद पर अपने ससुर के सिर पर लाठी मारकर उसकी हत्या कर दी थी। उस मामले में वह एक साल जेल में रहने के बाद बाहर आया था।

बच्चों की देखभाल: पुलिस के सामने दो विकल्प

सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि मृतका की तीन बेटियां और एक बेटा है। चारों बच्चों का अब एकमात्र सहारा उनकी दादी हैं, जो बिलासपुर में रहती हैं। यदि वे बच्चों को रखने से इनकार करती हैं तो चाइल्ड लाइन की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News