Bilaspur Crime News: खेत के मेढ़ में मिली महिला की लाश, पेड़ पर लटका था पति का शव,दो मासूम हुए बेसहारा
Bilaspur Crime News: खेत में पति-पत्नी की लाश मिली है। पति पेड़ पर फांसी से लटका हुआ था वही कुछ ही दूरी पर पत्नी की लाश खेत के मेड पर पड़ी थी। दोनों ने 12 साल पहले लव मैरिज की थी। दंपत्ति के दो बच्चे हैं।
Bilaspur Crime News: बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के जोगी अमराई में 28 वर्षीय महिला की लाश खेत के मेढ में मिली है। उसके पति की लाश कुछ ही दूरी में पेड़ में लटक रही थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
प्राथमिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि उन्होंने 12 साल पहले प्रेम विवाह किया था। मंगलवार को दोनों महामाया मंदिर घुमने भी गए थे। देर रात घर लौटने के बाद कब घर से बाहर निकले इसकी जानकारी स्वजन को नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रतनपुर के जोगी अमराई में रहने वाली दुरपति बाई गृहणी हैं। वह अपने बेटे अमित कुमार इंदुआ के साथ रहती थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अमित ने करीब 12 साल पहले अंजू से प्रेम विवाह किया था। उनकी एक 10 साल की बेटी और सात साल का बेटा है। अमित और अंजू बेटे-बेटी को लेकर मंगलवार की रात महामाया मंदिर दर्शन के लिए गए थे। देर रात तक घुमने के बाद वे घर लौटे। रात को भोजन के बाद सभी सोने चले गए। सुबह अमित और अंजू घर में नहीं मिले। तब स्वजन ने खेत की ओर जाने की बात सोचकर इसे नजर अंदाज कर दिया। कुछ ही देर बाद गांव के लोगों ने बताया कि अंजू की लाश खेत के मेढ़ में पड़ी है। उसके चेहरे पर चोट के निशान है। वहीं, कुछ ही दूर पर अमित की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही है। तब दुरपति बाई गांव के लाेगों के साथ मौके पर पहुंची। बेटे बहू की लाश देखकर वह बदहवास हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मासूमों के सर से उठा साया
पति-पत्नी की मौत के बाद 10 साल की बेटी और 7 साल का बेटा बेसहारा हो गए हैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि उनके मम्मी–पापा को हो क्या गया। सुबह सो कर उठने के बाद उन्हें घर पर मम्मी–पापा नहीं मिले। वह लोगों की भीड़ को देख रहे हैं पर घटना से मासूम सहम गए हैं और किसी को कुछ बोल नहीं रहे हैं। दोनों मासूमों के सर से माता-पिता का साया छिन गया है।