Bastar Vinta Ghati: इसे कहते हैं बस्तर का कश्मीर! बस्तर जाने वाले पर्यटकों को यहां एक बार जरूर घूमना चाहिए..

Bastar Vinta Ghati: बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक माहौल इसे एक अलग ही दुनिया बनाती है। आज हम इस लेख में बस्तर के कश्मीर कहे जाने वाले विनता घाटी के बारे में बात करने वाले हैं। यह घाटी चित्रकोट से बारसूर जाने वाली मार्ग पर पड़ता है।

Update: 2025-10-24 07:46 GMT

Bastar Vinta Ghati: छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है, यहां स्थित पहाड़, नदी और घाटियां एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत करती हैं और जब छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता की बात आती है तब बस्तर का नाम सबसे पहले आता है। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक माहौल इसे एक अलग ही दुनिया बनाती है। आज हम इस लेख में बस्तर के कश्मीर कहे जाने वाले विनता घाटी के बारे में बात करने वाले हैं। यह घाटी चित्रकोट से बारसूर जाने वाली मार्ग पर पड़ता है।

विनता घाटी की खासियत

विनता घाटी जंगलों और पहाड़ों से घिरी हुई है, इसका यह प्राकृतिक वातावरण इसे बस्तर के कश्मीर के रूप में मान्यता प्रदान करता है। यहां प्राकृतिक सुंदरता की एक अलग ही दुनिया बसती है। अंग्रेजी शासनकाल के दौरान यहां के अधिकारी भी इस जगह की खूबसूरती के दीवाने थे और अक्सर यहां की सैर करने आया करते थे। अंग्रेजों द्वारा लिखे गए कई पुस्तकों में इस घाटी का जिक्र पाया जाता है। इस रोमांचक सफर में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। इसलिए दिन के समय ही यात्रा करना सही रहेगा।

यहां स्थित है तामड़ा घूमर जलप्रपात

जगदलपुर से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर विनता घाटी में स्थित तामड़ा घूमर जलप्रपात बस्तर की उन छुपी हुई जगहों में से एक है जो अभी भी अपनी खूबसूरती को बरकरार रखे हुए है। यह चित्रकोट जलप्रपात से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। तामड़ा घूमर की सबसे खास बात यह है कि यहां पानी लगभग 100 फीट की ऊंचाई से गिरता है, यह दृश्य काफी मनोरम है। इंद्रावती नदी से सीधे गिरकर बहने वाला यह बारहमासी झरना बरसात के मौसम में और भी खूबसूरत हो जाता है।

इसे मयूरा(मयूर) घूमर जलप्रपात भी कहते है

तामड़ा घूमर को स्थानीय लोग मयूर घूमर के नाम से भी जानते हैं। इसके पीछे की कहानी बेहद रोचक है। इस क्षेत्र के चारों ओर मोरों की भारी संख्या में उपस्थिति के कारण यह नाम पड़ा। जब आप यहां पहुंचते हैं तो मोरों की आवाज़ें और बरसात में उनका नृत्य देखना एक यादगार अनुभव होता है। इसे छत्तीसगढ़ की सबसे सुंदर घाटी कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।

अन्य पर्यटन स्थल

तामड़ा घूमर के आसपास के क्षेत्र में मेंदरी घूमर जलप्रपात भी स्थित है जो इस पूरे क्षेत्र को एक संपूर्ण पर्यटन सर्किट बनाता है। चित्रधारा, तामड़ा घूमर और मेंदरी घूमर, ये तीनों मिलकर चित्रकोट झरने के आसपास एक ऐसा सर्किट बनाते हैं जो पर्यटकों को कई दिनों तक घूमने के लिए विवश करता है। बस्तर आकर इन घाटियों और जलप्रपातों को जरूर घूमना चाहिए, ये प्राकृतिक खजाने किसी स्वर्ग से कम नहीं।

Tags:    

Similar News