CG ब्रेकिंग : स्कूलों में शिक्षकों के आने और स्कूल खोलने पर प्रमुख सचिव ने NPG से कही ये बात…..जानिये स्कूलों को लेकर किस तरह से लिया जायेगा फैसला
रायपुर 14 जून 2021। छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। मुंगेली जिले में हालांकि शिक्षकों के स्कूल आने का आदेश जरूर जारी कर दिया है, लेकिन अन्य जिलों अभी तक स्थिति साफ नहीं है। शिक्षकों में स्कूल आने को लेकर सस्पेंस को देखते हुए NPG ने शिक्षा सचिव आलोक शुक्ला से बात की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्कूलों को खोलने को लेकर जिले के हालात को देखते हुए कलेक्टर लेंगे। उन्होंने कहा कि..
“राज्य सरकार ने सभी शासकीय कार्यालय संपूर्ण उपस्थिति के साथ खोले जाने के आदेश जारी किए हैं, स्कूल में शिक्षकों का आना अलग है, बच्चों का आना अलग…. हर जिले में कलेक्टर को यह अधिकार है कि वह जिले की स्थिति को देखते हुए आदेश जारी करें। यहाँ यह ध्यान रखना होगा कि स्कूल में शिक्षकों के आने की बात है बच्चों को लेकर कोई बात नहीं है.. स्कूल को लेकर भी कलेक्टर ही निर्णय जारी करेंगे, किसी जिले में शाम छ बजे बंद हो जाता है तो कहीं पर रात नौ बजे, जिले के स्थिति के अनुरूप ही निर्णय स्थानीय तौर पर लिया जायेगा”
दरअसल छत्तीसगढ़ में शिक्षा सत्र 16 जून से शुरू होना है। ऐसे में अभी तक स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से सत्र और शिक्षकों को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। हालांकि ये तो साफ है कि फिलहाल बच्चों के लिए स्कूल नहीं खुलने जा रहा है। कैबिनेट की बैठक के बाद ही इस पर कुछ निर्णय लिया जा सकता है। लेकिन जिस तरह से शिक्षा मंत्री के स्कूल खुलने के बयान के बाद पार्टी के भीतर से ही बयान पर असहमति दिखी और विपक्ष ने बयान पर ऐतराज जताया, उसके बाद तो साफ हो गया कि फिलहाल प्रदेश में बच्चों के लिए स्कूल नहीं खुलने जा रहा है।