अब ब्लैक फंगस मचा रहा तबाही: इस राज्य में 90 लोगों की मौत, गुजरात में 2200 से ज्यादा संक्रमित, जानिए किस राज्य में कितने हैं मरीज

Update: 2021-05-22 06:02 GMT

नईदिल्ली 22 मई 2021. एक तरफ कोरोना वायरस तो दूसरी तरफ म्यूकोर्मिकोसिस यानी ब्लैक फंगस. कोरोना से उभर भी नहीं पाए थे कि ब्लैक फंगस की बीमारी पैर पसारने लगी. खासकर उन मरीजों में जो कोरोना संक्रमित हैं या उससे ठीक हुए हैं. देश में इस समय कुल 8,848 म्यूकोर्मिकोसिस के मामले हैं जिसमें सबसे ज्यादा मामले गुजरात में है. इसके बाद महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में ब्लैक फंगस के सबसे ज्यादा केस हैं.

सरकार कर रही है तैयारीः ब्लैक फंगस के बढ़ते आतंक को देखते हुए राज्य के साथ-साथ केन्द्र सरकार ने भी कमर कस ली है. केंद्र सरकार ने इस बीमारी से लड़ने के लिए राज्यों को ब्लैक फंगस की दवा एम्फोटेरिसिन-बी की कुल 23,680 अतिरिक्त वायल बांटे है. केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने इस बारे में कहा है कि राज्यों में मरीजों की संख्या के आधार पर दवा का वितरण किया गया है.

केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने आज कहा कि देश भर में लगभग 9,000 लोग म्यूकोर्मिकोसिस या ब्लैक फंगस से संक्रमित हैं. उन्होंने कहा कि इस बीमारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने फंगल संक्रमण के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक प्रमुख दवा की 20,000 से अधिक शीशियां प्रभावित राज्यों को भेजी हैं.

रसायन और उर्वरक मंत्री गौड़ा ने प्रभावित राज्यों को आवंटित शीशियों की संख्या के विवरण के साथ ट्वीट किया, “विभिन्न राज्यों में #म्यूकोर्मिकोसिस के मामलों की बढ़ती संख्या की विस्तृत समीक्षा के बाद, आज सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को #एम्फोटेरिसिन-बी की कुल 23,680 अतिरिक्त शीशियां आवंटित की गई हैं. यह आवंटन रोगियों की कुल संख्या के आधार पर किया गया है देश भर में अभी ब्लैक फंगस के लगभग 8,848 मरीज हैं.

किन राज्यों में मचा है ब्लैक फंगस का आतंकः देश के कई राज्यों में ब्लैक फंगस का आतंक है. उनमें से सबसे ज्यादा ब्लैक फंगस के मरीज महाराष्ट्र में देखने को मिल रहे हैं. महाराष्ट्र में म्यूकरमाइकोसिस के 2 हजार से ज्यादा केस हैं. वहीं इस बीमारी से वहां 90 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं. इसके बाद गुजरात में भी ब्लैक फंगस का आतंक है. गुजरात में इसके 2,263 मामले सामने आये हैं. वहीं, इस बीमारी से वहीं 61 लोगों की जान चली गई है. वहीं, मध्य प्रदेश में 575 मामले सामने आये हैं जबकि, इससे 31 लोगों की मौत होगई है. इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना, रजस्थान समेत और कई राज्य हैं.

Tags:    

Similar News