Vaishali Septic Tank Accident: एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान घुटा दम, जानिए ये कैसे बन सकती है मौत की वजह
Vaishali Septic Tank Accident: वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से चार लोगो की मौत हुई है. सभी एक ही परिवार के हैं. मृतकों में तीन सगे भाई और भाई का बेटा है.
इमेज- इंटरनेट
Vaishali Septic Tank Accident: 2 मार्च 2026, बिहार के वैशाली जिले में होली से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया. सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. मृतकों में तीन सगे भाई और उसके भाई का बेटा है.
कितने लोगों की हुई मौत
घटना जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव की है. रविवार दोपहर को हादसा हुआ है. यहाँ घर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से चार लोगो की मौत हुई है. मृतकों की पहचान, आनंद कुमार(46), उसके दो भाई पंकज कुमार, और राहुल कुमार(26) और बेटे प्रियांशु (24) के रूप में हुई है.
कैसे हुई घटना
आनंद कुमार के घर बने 10 साल बने सेप्टिक टैंक की सफाई हो रही थी. पंप के जरिए सेप्टिक टैंक से पानी निकाला जा रहा था. इसी दौरान प्रियांशु फिसलकर टंकी में गिर पड़ा. उसे बचाने के लिए चाचा राहुल टंकी में उतरा लेकिन वो बेहोश हो गया, वो बाहर नहीं आया. जिसके बाद एक एक कर पंकज और आनंद भी उतरे और वो भी बाहर नहीं आये. इसके अलावा 3 और लोग बचाने की कोशिश में टंकी में उतरे. सभी जहरीली गैस में दम घुटने से बेहोश हो गए.
तीन की हालत गंभीर
घटना की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन की टीम को दी गयी. सूचना के बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई. सभी को किसी तरह टंकी से बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. जहाँ डॉक्टर ने चार को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य तीन का इलाज जारी है.
इस घटना के बाद गाँव में मातम फैला हुआ है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद एसडीएम रामबाबू बैठा और एसडीपीओ गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. साथ ही मुआवजे का भरोसा दिलाया है.
सेप्टिक टैंक से कैसे जा सकती है जान
बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के सेप्टिक टैंक की सफाई बहुत खतरनाक हो सकती है. क्योंकि टंकी के अंदर जहरीली गैस Hydrogen Sulfide (H₂S), मीथेन, और Carbon dioxide होता है. जबकि ऑक्सीजन कम होता है. टंकी में ऑक्सीजन कम होने से यह शरीर में ऑक्सीजन की जगह ले लेती है. जिससे चक्कर, उल्टी, सांस लेने में दिक्कत, बेहोशी होती है. अगर समय पर इलाज न मिले तो व्यक्ति की मौत भी हो सकती है.