पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, थाने में तोड़फोड़, रायफल छीनी....कटिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर भारी बवाल, Video देखें

Bihar Police News : कटिहार के फलका थाना में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Update: 2026-04-04 09:45 GMT

Death in Katihar Police Custody: कटिहार में पुलिस कस्टडी में आज युवक की मौत के बाद लोगों ने थाने में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस की कई राइफलें छीन लीं। घटना फलका थाना क्षेत्र की है। युवक की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पहले स्टेट हाईवे-77 को जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला बोला और पुलिसकर्मियों को खदेड़-खदेड़ कर पीटा। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। इसके बाद भीड़ थाने में घुस गई और वहां जमकर तोड़फोड़ की।

परिजनों और ग्रामीणों ने फलका चौक को किया जाम

मृत युवक की पहचान गोपालपट्टी गांव निवासी 24 वर्षीय राकेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दो दिन पहले बाइक छिनतई के मामले में पकड़ा था। शनिवार सुबह थाने के हाजत में उसकी तबीयत बिगड़ी। उसके बाद पुलिस उसे फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की पिटाई से राकेश की मौत हुई है। ग्रामीणों ने इसे पुलिसिया हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने को लेकर फलका चौक को जाम किया।

पथराव के बाद थाने पर हमला

सड़क जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो वे आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। उग्र भीड़ उन्हें खदेड़ते हुए थाना पहुंच गई। भीड़ ने थाने में जमकर तोड़फोड़ की। एक आरक्षी से उसकी राइफल छीन ली। पोठिया ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार और सिपाही संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। संजीव के सिर में गंभीर चोट लगी है।

थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता निलंबित

एसपी ने थानाध्यक्ष रवि कुमार राय और अनुसंधानकर्ता कुंदन कुमार पटेल को निलंबित कर दिया है। एसपी के अनुसार राकेश ने हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। जैसे ही पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी, उसे अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Tags:    

Similar News