मां और पिता की हत्या के आरोपी ने बाथरूम में लगा ली फांसी... तौलिया से फांसी का फंदा बनाकर कर ली खुदकुशी
बिलासपुर 28 मई 2022। अम्बिकापुर के उदयपुर थाना अंतर्गत गांव में अपनी मां और पिता की हत्या के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे 17 वर्षीय किशोर को राज्य मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। यहां उसने बाथरूम में अपने तौलिया से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
कोनी थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने घटना के सम्बंध में बताया कि सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले 17 वर्षीय किशोर ने गुस्र्वार- शुक्रवार की रात राज्य मानसिक चिकित्सालय के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना कोनी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। साथ ही उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई । अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। आज शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
माँ- बाप की हत्या कर घर मे दफना दिया था लाश :-
पूछताछ में पता चला कि किशोर ने बीते तीन मार्च को अपनी मां और पिता की हत्या कर घर में ही लाश दफना दिया था। उसकी बड़ी बहन अपने पति के साथ जब मायके पहुंची तो मामले की जानकारी लोगों को हुई। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया। बाल संप्रेक्षण गृह में किशोर की मानसिक स्थिति खराब हो गई। इसके कारण उसे अंबिकापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसके कारण उसे बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत सेंदरी में स्थित राज्य मानसिक चिकित्सालय रेफर किया गया था। यहां उसका इलाज चल रहा था।
बाल संप्रेक्षण गृह में भी साथ रहने वालों पर करता था हमला:-
कोनी पुलिस ने घटना की जानकारी बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों को दी और किशोर के व्यवहार के बारे में पूछताछ की। इस पर अधिकारियों ने बताया कि मां और पिता की हत्या के बाद से किशोर को अपराधबोध हो रहा था। कई बार वह बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे दूसरे बच्चों पर भी हमला कर देता। इसके अलावा वह खुद को भी चोट पहुंचा लेता था। इसके कारण उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
एक बार पहले भी कर चुका है आत्महत्या का प्रयास:-
किशोर का अंबिकापुर में उपचार चल रहा था पर उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे सात मई को राज्य मानसिक चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां पर भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद उस पर निगरानी रखी जा रही थी। गुस्र्वार-शुक्रवार को वह बाथरूम गया। वहां उसने अपने तौलिया से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।