ऐतिहासिक दिन... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आ रहीं बिहार, नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
Droupadi Murmu Bihar Visit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। यह समारोह ऐतिहासिक है।
President Draupadi Murmu Today Bihar Visit News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बिहार के दौरे पर रहेंगी। मुर्मू बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजगीर पहुंचेंगी और नालंदा यूनिवर्सिटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। ये विश्वविद्यालय के लिए बड़ा दिन है, जब छात्र-छात्राएं अपनी डिग्रियां देश की सर्वोच्च हस्ती से पाएंगे। इस दौरान दीक्षांत भाषण भी देंगी।
राष्ट्रपति कई और कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी। बतौर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह पहला नालंदा दौरा है। इस दौरान वह नालंदा विश्वविद्यालय में नए बने 2 हजार सीटों वाले हाईटेक सभागार का भी उद्घाटन करेंगी। इस सभागार को विश्वविद्यालय के बड़े कार्यक्रमों के लिए बनाया गया है।
ऐतिहासिक खंडहरों को देखेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नालंदा के ऐतिहासिक खंडहरों को देखेंगी। ये वो खंडहर हैं, जो ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजगीर प्रशासन ने इलाके की किलेबंदी कर दी है। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
इन देशों के विद्यार्थियों को भी मिलेगी डिग्री
इस दीक्षांत समारोह में अर्जेंटीना, वियतनाम, भूटान, इंडोनेशिया, केन्या, म्यांमार, सर्बिया, घाना, थाईलैंड, नेपाल, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के छात्र-छात्रा भाग ले रहे हैं। 10 पीएचडी और 36 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। मंजिरी नामक विशेष पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और अनुभवों को संकलित किया गया है।