Monsoon 2024: मानसून उत्‍तरी और दक्षिणी छत्‍तीसगढ़ पर विशेष मेहरबान: जानिये..आज कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम

Monsoon 2024: मानसून पूरे छत्‍तीसगढ़ में सक्रिय है, लेकिन राज्‍य के उत्‍तरी और दक्षिणी क्षेत्र में विशेष मेहरबान है। इन दोनों हिस्‍सों में राज्‍य के मध्‍य क्षेत्र की तुलना में अच्‍छी बारिश हो रही है।

Update: 2024-07-04 05:59 GMT

Monsoon 2024: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में मानसूनी बारिश के पक्ष में माहौल बना हुआ है। दक्षिण- पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण राज्‍य के उत्‍तरी और दक्षिणी हिस्‍से अच्‍छी बारिश हो रही है। राज्‍य के उत्‍तरी क्षेत्र सरगुजा संभाग और उससे लगे हुए बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्‍सों में आज तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आज उत्तरी छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा की गतिविधि के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है, उसके बाद वर्षा की गतिविधि में हल्की कमी होने की संभावना है। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में 06 जुलाई तक वर्षा की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मानसून द्रोणिका समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में है। वहीं, एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान से दक्षिणी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड होते हुए बांग्लादेश तक समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर स्थित है। साथ ही एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए मणिपुर तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर स्थित है। जबकि एक चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश के ऊपर समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किमी ऊपर स्थित है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।

इससे आज प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक व वज्रपात के साथ वर्षा की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक व वज्रपात के साथ वर्षा की संभावना है। रायपुर शहर में आज आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C और 25°C के आसपास रहने की संभावना है।

जानिये...कहां कितनी हुई बारिश

कुनकुरी-5, कुसमी-4, कांसाबेल, बीजापुर, बड़े बचेली, लाल बहादुर नगर, भैरमगढ़, जगरगुंडा, पुसौर, कुटारू-3, बारसूर, कटेकल्याण, सुकमा, शंकरगढ़, कोरबा, बस्तानार, गीदम, दोरनापाल, दर्री, तोकापाल, नवागढ़, सारंगढ़, बम्हनीडीह, भोथिया, सिवरीनारायण, बरमकेला, जगदलपुर, हसौद, बागभार, सरसिवा, रायगढ़, अजगरबहार, सरिया, भटगांव, दंतेवाड़ा, कटघोरा, नानगुर, छिंदगढ़, पत्थलगांव, बसना-2, दरभा, भानपुरी, तमनार, बगीचा, खड़गांव, जैजैपुर, उसूर, भोपालपटनम, सरायपाली, कापू, बिलाईगढ़, जशपुरनगर, चंद्रपुर, करतला, चांदो, भैसमा, कुआकोंडा, तपकरा, राजपुर, बस्तर-1 तथा अनेक स्थानों में इससे कम वर्षा हुई।

Tags:    

Similar News