अमर परवानी बने चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष….योगेश अग्रवाल के व्यापारी एकता पैनल का सुपड़ा साफ…..राजधानी में सभी पद जय व्यापार पैनल के नाम
रायपुर 22 मार्च 2021। अमर परवानी चैंबर ऑफ कामर्स के नये प्रदेश अध्यक्ष होंगे। जय व्यापार पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी अमर परवानी ने व्यापारी एकता पैनल के योगेश अग्रवाल को करीब 2000 वोट से पराजित किया। रविवार को हुए मतगणणा के बाद देर रात परिणाम जारी किया गया। चैंबर के इस चुनाव में व्यापारी एकता पैनल का सुपड़ा साफ हो गया। जय व्यापार पैनल के ही अजय भसीन महामंत्री, उत्तम गोलछा ने कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव जीता।जय व्यापार पैनल के परिवर्तन के नारे ने कमाल किया और रायपुर के 8 उपाध्यक्ष और 8 मंत्री पदों पर कब्जा कर लिया।
जय व्यापार के प्रत्याशी अजय भसीन ने व्यापारी एकता पैनल के राजेश वासवानी को हराकर महामंत्री पद पर कब्जा जमाया, वहीं कोषाध्यक्ष उत्तम ने एकता पैनल के निकेश बरड़िया को 1500 से ज्यादा वोटों से हराया। रायपुर के गुजराती स्कूल को मतगणना स्थल बनाया गया था। जीत के बाद प्रदेश अध्यक्ष अमर परवानी ने कहा कि हर वर्ग के व्यापारियों ने उन्हें समर्थन दिया है। व्यपारियों की समस्याओं को सुलझाने और व्यापारियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जायेगा।
8 उपाध्यक्ष पदों पर जय व्यापार जीता
आठ उपाध्यक्ष पदों पर जय व्यापार पैनल के महेश दरयानी, कन्हैया गुप्ता, नरेंद्र हरचंदानी, पाल सिंह छाबड़ा, अमृत लाल पटेल, मनोज जैन और हीरा माखीजा जीते। इसी तरह आठ मंत्री पदों पर इसी पैनल के जितेंद्र गोलछा, शंकर बजाज, नीलेश मूंदड़ा, प्रशांत गुप्ता, दिनेश पटेल, राजेंद्र खटवानी, लोकेश साहू और जनक वाधवानी जीते। व्यापारी एकता पैनल से एक भी उपाध्यक्ष और मंत्री रायपुर से चुनाव नहीं जीत पाए। बाहरी जिलों में एकता पैनल के उम्मीदवार योगेश को अच्छे वोट मिले।