आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी टेक्नोलॉजी पर काम करने वाली कंपनी OpenAI ने डेवलपर्स के लिए macOS पर एक नया Codex App लॉन्च किया है। यहां ऐप खासतौर पर उन लोगों के लिए है, जो रोज़ाना कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े काम करते हैं।
यह टूल ब्राउज़र आधारित चैट या अलग-अलग सॉफ्टवेयर के बजाय एक ही ऐप के अंदर कोड से जुड़े कई काम संभालने की सुविधा देता है। कंपनी के मुताबिक, इसका मकसद डेवलपर्स के रोज़ के काम को थोड़ा व्यवस्थित और आसान बनाना है, ताकि उन्हें बार-बार टूल बदलने की जरूरत न पड़े।
Codex ऐप को ऐसे डेवलपर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो एक साथ कई प्रोजेक्ट या टास्क पर काम करते हैं। इस ऐप में एक समय पर अलग-अलग कोडिंग काम चलाए जा सकते हैं।
उदाहरण के तौर पर, कोई यूजर एक हिस्से में बग से जुड़ा काम कर सकता है, जबकि दूसरे हिस्से में नए फीचर से जुड़ा कोड तैयार किया जा सकता है। यह तरीका खासतौर पर बड़े प्रोजेक्ट्स में काम आने वाला है, जहां कोडिंग के कई हिस्से साथ-साथ चलते हैं।
हालांकि, यह पूरी तरह ऑटोमैटिक सिस्टम नहीं है। हर स्टेप पर डेवलपर की निगरानी और मंजूरी जरूरी रहती है, ताकि कोड की क्वालिटी और लॉजिक सही बनी रहे।
Codex ऐप में “Threads” नाम का फीचर दिया गया है। इसका मतलब है कि हर काम के लिए अलग थ्रेड बनाया जा सकता है। इससे अलग-अलग टास्क का डेटा आपस में गड़बड़ नहीं होता।
इसके अलावा, ऐप में “Skills” का विकल्प भी दिया गया है। इसमें यूजर कुछ तय निर्देश या कोड से जुड़े नियम सेव कर सकता है। बाद में वही निर्देश दूसरे प्रोजेक्ट्स में दोबारा इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
Codex macOS ऐप में कोड रिव्यू के लिए “Diff Review” फीचर दिया गया है। जब कोड में कोई बदलाव किया जाता है, तो यूजर देख सकता है कि पहले और बाद के कोड में क्या फर्क है। यह सब ऐप के अंदर ही दिख जाता है।
इस फीचर की मदद से डेवलपर्स बदलावों को जांच सकते हैं, उन पर नोट्स जोड़ सकते हैं और जरूरत होने पर सुधार कर सकते हैं। ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर को बार-बार टर्मिनल या अलग एडिटर खोलने की जरूरत न पड़े।
फिलहाल Codex ऐप केवल Apple Silicon प्रोसेसर वाले macOS सिस्टम्स के लिए उपलब्ध है। इसे इस्तेमाल करने के लिए यूजर को अपने ChatGPT अकाउंट या OpenAI API की जरूरत होगी।
हालांकि अभी तक OpenAI ने यह नहीं बताया है कि Codex ऐप Windows और Linux प्लेटफॉर्म पर कब उपलब्ध कराया जाएगा। लेकिन संकेत दिए गए हैं कि आगे चलकर दूसरे प्लेटफॉर्म्स के लिए भी इसे लाया जा सकता है।