बेड के बॉक्स में मिली 2 साल की मासूम की लाश: लुका छिपी खेलते–खेलते हो गई थी लापता, CCTV ने उड़ा दिए सबके होश
Pratapgarh News: लुका छिपी का खेल खेलते-खेलते 2 साल की मासूम बेड के बॉक्स में बंद हो गई और उसकी दम घुटने से मौत हो गई।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
प्रतापगढ़ 06 अप्रैल 2026, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 2 साल की बच्ची की मौत से सनसनी फैल गई है। रविवार को लुका छिपी का खेल खेलते-खेलते मासूम बेड के बॉक्स में बंद हो गई और उसकी दम घुटने से मौत हो गई। घंटों की खोजबीन के बाद जब सीसीटीवी चेक किया गया, तब इसका खुलासा हुआ। यह दिल दहला देने वाली घटना रानीगंज थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, जयरामपुर गांव में रहने वाले शाकिर शाइन की दो वर्षीय बेटी रविवार दोपहर घर में लुका छिपी खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह सबकी आंखों से ओझल हो गई, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की, लेकिन कई घंटे बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। आखिर में जब परिजनों ने सीसीटीवी चेक किया, तो उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई।
CCTV में क्या सामने आया ?
सीसीटीवी में दिखा कि उनकी बेटी लुका छिपी का खेल खेलते हुए बेड के बॉक्स में छिप रही है, जिसके बाद वो बाहर नहीं आई। परिजनों ने जब बॉक्स खोला तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और फिर वहां से उसे रानीगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में क्या सामने आया ?
शुरुआती जांच में सामने आया कि मासूम लुका छिपी का खेल खेलते हुए बेड के बॉक्स में जा छिपी। बॉक्स के ऊपर गद्दा होने के कारण बॉक्स तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाई और फिर दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का भी रो रोकर बुरा हाल है।
