Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh Political News: भाजपा ने लॉच किया भू-पे, भड़की कांग्रेस का आरोप रमन राज में हुआ 1 लाख करोड़ का भ्रष्‍टाचार

Chhattisgarh Political News:

Chhattisgarh Political News: भाजपा ने लॉच किया भू-पे, भड़की कांग्रेस का आरोप रमन राज में हुआ 1 लाख करोड़ का भ्रष्‍टाचार
X
By Sanjeet Kumar

Chhattisgarh Political News: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में चुनावी सरगर्मी के बीच पहुंचे केंद्रीय खेल, युवा, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भू-पे एप लॉंच किया। इस दौरान ठाकुर ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करो और भूपे करो के जरिये कांग्रेस सरकार ने छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि जब से भूपेश सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद कर रही है। केंद्रीय मंत्री के आरोपों से भड़की कांग्रेस ने पलटवार करते हुए रमन सरकार पर 15 वर्ष में 1 लाख करोड़ का भ्रष्‍टाचार करने का आरोप लगा दिया।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है तब से पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नए-नए तरीके निकाल कर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम तैयार करती है। दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला परिवहन में कैसे खाया जाता है, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग यहां हो गए। उन्होंने कहा कि मेरा यहां के मुख्यमंत्री से सवाल है कि छत्तीसगढ़ में 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए। वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के आरोपों को पढ़ने के लिए यहां क्‍लीक करें

पीएम मोदी की झूठ बोलने की श्रृंखला को आगे बढ़ाने आए थे ठाकुर: कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री ठाकुर के कार्यक्रम के तुरंत बाद कांग्रेस के संचार विभाग के अध्‍यक्ष सुशील आंनद शुक्‍ला ने प्रेसवार्ता लेकर केंद्रीय मंत्री के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ बोलने की जो श्रृंखला शुरू किया है उनके मंत्री अनुराग ठाकुर उसी झूठ की श्रृंखला को आगे बढ़ाने आये थे। अडानी के साथ मिलकर देश को लूटने का जो सिलसिला भाजपा ने शुरू किया है उस पर पर्दा डालने दूसरों पर झूठे आरोप लगा रहे सारा देश मोदी-अडानी की मित्रता को जान रहा।

शुक्‍ला ने कहा कि ठाकुर ने धान खरीदी पर एक बार फिर से झूठ बोला कि धान खरीदी केंद्र करती है जबकि हकीकत यह है कि छत्तीसगढ़ में धान कांग्रेस सरकार अपने खुद के दम पर खरीदती है, धान खरीदने में केन्द्र सरकार का एक पैसे का भी योगदान नहीं है। राज्य सरकार धान खरीदी मार्कफेड के माध्यम से करती है इसके लिए मार्कफेड विभिन्न वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेती है तथा इस ऋण के लिये बैक गारंटी राज्य सरकार देती है तथा धान खरीदी में जो घाटा होता है उसको भी राज्य सरकार वहन करती है पिछले वर्ष मार्कफेड ने लगभग 35000 करोड़ का ऋण धान खरीदी के लिये लिया था।

मोदी सरकार ने मना किया तब कांग्रेस सरकार ने आवास योजना शुरू किया

अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास पर भी झूठ बोला मोदी सरकार के गरीब विरोधी नीति के कारण केन्द्र की मोदी सरकार लगातार छत्तीसगढ़ की उपेक्षा कर रही है। राज्य के प्रतीक्षारत 7 लाख आवासों की प्रतीक्षा सूची को केन्द्र लंबे समय से रोके रखा हैं, जिसके कारण राज्य आवासहीनों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को अनेकों बार पत्र लिखकर प्रतीक्षा सूची को क्लियर करने की मांग किया लेकिन राज्य के प्रति दुर्भावना के कारण भाजपा की केन्द्र सरकार ने राज्य के आवासों को लटकाये रखा है केन्द्र के इस दुर्भावना पूर्ण रवैये से राज्य की जनता को राहत देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने राज्य अपनी आवास योजना शुरू किया है। जिसमें 7 लाख आवासहीनों को भूपेश सरकार स्वयं आवास उपलब्ध करायेगी। छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में प्रधानमंत्री आवास योजना का आबंटन केंद्र सरकार के पास फंड की कमी के चलते रद्द किया गया है। मोदी सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना बंद करने का षडयंत्र कर रही। प्रधानमंत्री के गृह राज्य गुजरात में भी प्रधानमंत्री आवास योजना में मात्र 40 प्रतिशत काम हुये है। मध्यप्रदेश 30 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है ऐसे में भाजपा नेता मोदी सरकार के नाकामी पर पर्दा डालने झूठे आरोप लगा रहे है। छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा 800 करोड़ के राज्यांश के भुगतान के बाद में राज्य का आबंटन क्यो रद्द हुआ एक भी भजपा सांसद ने केंद्र से पूछने का साहस नहीं दिखाया।

महादेव एप्प का मोदी-योगी सरकार का संरक्षण

महादेव एप्प पर भी अनुराग ठाकुर के आरोपों पर शुक्‍ल ले कहा कि उन्‍होंने झूठ बोलकर अपने पाप को छुपाया है। महादेव एप्प को भाजपा की केंद्र सरकार का संरक्षण है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तो महादेव एप्प पर कार्यवाही किया है। एप्प पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। केंद्र सरकार महादेव एप्प पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाती है? महादेव एप्प के संचालक को केंद्र सरकार दुबई में क्यों नहीं पकड़ती है? महादेव एप्प मामले में देश में सबसे ज्यादा कार्यवाही छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है। नोएडा में जब छत्तीसगढ़ सरकार महादेव एप्प में आरोपी को पकड़ने गयी तो योगी सरकार की पुलिस ने आरोपियों को बचाने छत्तीसगढ़ पुलिस पर कार्यवाही कर दिया था। महादेव एप्प को योगी और मोदी का सरंक्षण है।

रमन एंड कंपनी ने 15 सालों में 1 लाख करोड़ का घोटाला किया था

शुक्‍ला ने कहा कि अनुराग ठाकुर भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे। छत्तीसगढ़ के रमन सिंह और उनके सहयोगियों के भ्रष्टाचार पर क्यों मौन है? रमन एंड कंपनी ने 15 सालों में 1 लाख करोड़ का घोटाला किया था। गरीबों के राशन का महाघोटाला 36,000 करोड़ के नान घोटाले की जांच क्यों नहीं करवाते? 6200 करोड़ के चिटफंड घोटाले की जांच क्यों नहीं करवाते? प्रधानमंत्री जी रमन राज के शराब 4400 करोड़ के घोटाले की जांच कब करवायेंगे? पनामा पेपर वाले अभिषाक सिंह की जांच क्यों नहीं करवाती केंद्र सरकार? छत्तीसगढ़ में 15 साल में गौमाता के नाम पर भाजपा नेताओं ने 1677 करोड़ का घपला किया प्रधानमंत्री इस पर कुछ तो करें? इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक के गुनाहगार भाजपा नेताओं पर भाजपा कब कार्यवाही करेगी?

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story