Begin typing your search above and press return to search.

Anurag Thakur's visit to Chhattisgarh: अनुराग ठाकुर बोले- भ्रष्टाचार कैसे किया जाता है भू-पे से सीखें, भ्रष्टाचार के नये-नये तरीके ईजाद करती है कांग्रेस सरकार

Anurag Thakur's visit to Chhattisgarh

Anurag Thakurs visit to Chhattisgarh: अनुराग ठाकुर बोले- भ्रष्टाचार कैसे किया जाता है भू-पे से सीखें, भ्रष्टाचार के नये-नये तरीके ईजाद करती है कांग्रेस सरकार
X
By Sanjeet Kumar

रायपुर। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज यहां कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के काले कारनामों को दर्शाने वाले भूपे-एप को लांच करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करो और भूपे करो के जरिये कांग्रेस सरकार ने छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि जब से भूपेश सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद कर रही है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है तब से पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नए-नए तरीके निकाल कर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम तैयार करती है। दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला परिवहन में कैसे खाया जाता है, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग यहां हो गए। उन्होंने कहा कि मेरा यहां के मुख्यमंत्री से सवाल है कि छत्तीसगढ़ में 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए। वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया। छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, माफिया पर माफिया और माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है। मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। युवा प्रतीक्षा कर रहे थे कि इनका भी समय आएगा। इनको रोजगार का अवसर मिलेगा जो ढाई हजार रुपए प्रति महीना बेरोजगारी भत्ता देने कहा था,नहीं दिया। युवा उसकी ब्याज सहित वसूली करेगा। अब तक कांग्रेस के नेताओं के जरिए वसूली हो रही थी। अब महिलाएं अपने साथ हुई वादाखिलाफी के लिए ब्याज सहित बदला लेंगी।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किसानों के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि अगर किसानों की उपज के समर्थन मूल्य का निर्धारण कोई करता है तो केंद्र सरकार करती है। खरीदी भी केंद्र सरकार करती है। कांग्रेस की राज्य सरकार ने किसानों का 2 वर्ष का बकाया बोनस नहीं दिया। मंडी टैक्स हटाने कहा था, लेकिन बढ़ा दिया। गरीबों के आवास के मामले में उन्होंने कहा कि यहां पर तो राज्य का जो हिस्सा था, वह भी राज्य सरकार नहीं दे रही। उन्होंने युवाओं सहित सभी से आग्रह किया कि भू-पे लिंक से जुड़कर भूपेश बघेल सरकार के कारनामों को सबके सामने लाएं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने के लिए भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। उस समय मध्यप्रदेश ही बीमारू राज्य था तो समझ सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में क्या स्थिति थी। लेकिन जब यहां पर कमल खिला तो हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए। लेकिन पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ का क्या हाल कर दिया। छत्तीसगढ़ को बेहाल कर दिया। और, यह तो होना ही था।जब किसी ने गंगाजल की कसम खाकर कहा हो कि शराब मुक्त कर देंगे लेकिन घर-घर शराब पहुंचा दी। समझ सकते हैं एक तरफ मोदी जी ऑपरेशन गंगा चला कर यूक्रेन से 23000 युवा भारतीयों को सुरक्षित भारत ले आये और दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गंगाजल की कसम खाकर क्या कर रहे हैं? दिल्ली राज्य में 200 करोड़ का शराब घोटाला हुआ तो वहां के मंत्री नेता जेल में हैं। यहां 2000 करोड़ का घोटाला हुआ तो समझ सकते हैं कि इनका क्या होगा?

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार तो दिया नहीं। केवल बेरोजगार बनाया। बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया। उन्होंने इलाज के अभाव में छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में करीब 39000 बच्चों की मौत हो गई। एक बच्चे की भी मृत्यु हो जाए तो कितना दुख होता है। यहां तो कांग्रेस के भू-पे राज में 39000 बच्चों की मृत्यु इलाज के अभाव में हुई।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों की पीड़ा पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि हर वर्ग के कर्मचारियों को ठगा गया है। उनसे किए गए वादे पूरे नहीं किए। हर वर्ग के कर्मचारी सड़कों पर आए। उनका उत्पीड़न किया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भू-पे एप्प लॉन्चिंग की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करके प्रदेश की जनता को भूपेश बघेल सरकार के कारनामों से अवगत कराया है। नाम बहुत शानदार दिया है भू-पे एप्प। छत्तीसगढ़ वालों को भू-पे सुनने की आदत पड़ गई है। हर रोज सुन रहे हैं कि भ्रष्टाचार करो और भू-पे करो। शराब घोटाला करो फिर भू-पे, गोठान घोटाला करो भू-पे करो, अन्न घोटाला करो, सट्टा घोटाला करो, यूरिया घोटाला करो, पीएससी घोटाला करो और भू-पे करो। सारे घोटाले में भू-पे! यह हाल हो गया कि सब कुछ लूट लिया। कलेक्टर का काम विकास होता है, यहां कलेक्टर को कलेक्शन में लगा दिया। यह सरकार पूरे देश में घोटाले के लिए जानी जाती है। दो नंबर में शराब कैसे बेची जाती है और पैसा कहां डाला जाता है, कोयला लाने ले जाने में कैसे दलाली ली जाती है, छत्तीसगढ़ में भू-पे सरकार से सीखा जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरोपों पर चुनौती देते हुए कहा कि समय और स्थान तय कर लें। एक एक विषय, मुद्दे, योजना पर तथ्यों के साथ संवाद कर लें। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया संवाद सह एप लांच कार्यक्रम में कहा कि भूपेश बघेल सरकार के भ्रष्टाचार को दिखाने इस एप को आज भाजपा ने लांच किया गया। 5 साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का कीर्तिमान बनाया है। कांग्रेस के घोटालों की सूची बहुत लंबी है। पीएससी में 18 पदों पर हुई नियुक्ति पर माननीय उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। प्रदेश के युवाओं को महादेव एप के जरिये जुआ सट्टा में झोंका जा रहा हैं। पहले कांग्रेसी नारा लगाते थे छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, पर अब यह बदल गया हैं, उसकी जगह अब चोरी, बेईमानी, भ्रष्टाचारी और लबारी का नारा लगने लगा है।

प्रधानमंत्री आवास के विषय पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. रमन सिंह ने बताया कि राज्य सरकार को केवल सूची बना कर देनी थी। चार बार रिमाइंडर लेटर मुख्य सचिव एवं पंचायत सचिव को केंद्र सरकार ने भेजा परंतु एक भी बार इसका जवाब नहीं दिया है। यदि समय पर जवाब दे दिया जाता तो आज गरीबों को पक्का मकान मिलता। आज समय निकल जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री आवास योजना लाए, लेकिन अब आचार संहिता लगने वाली है अब कोई काम नहीं हो सकता। भूपेश बघेल ने गरीबों का आवास का हक छीना है ।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में भारत को 81 पदक जीतने पर खिलाड़ियों के साथ ही केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में दो परिवर्तन यात्रा निकाली गई और यात्रा का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में हुआ।

भाजपा के सोशल मीडिया सह प्रभारी मितुल कोठारी ने भू-पे एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस एप को स्कैन करने पर 26 हजार करोड़ के घोटालों की जानकारी मिल जाएगी। जिससे प्रदेश की पूरी जनता अवगत होगी। कांग्रेस सरकार के काले कारनामों और भ्रष्टाचार को यह एप विस्तार से बताएगा। इस एप में छत्तीसगढ़ में हुए घोटालों को कार्टून के माध्यम से दिखाया गया हैं। शराब घोटाला, पीडीएस घोटाला, पीएससी में घोटाला, कोल घोटाला, के वीडियो को इसमें देखा जा सकता है।

इस दौरान कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व मंत्री महेश गागडा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story