एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत: पानी से भरे कुएं में जा गिरी कार, सभी की डूबकर गई जान
Nashik Road Accident: 9 लोगों से भरी मारुति एक्सएल कार कुएं में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
नासिक 04 अप्रैल 2026, महाराष्ट्र के नासिक में सड़क हादसे से सनसनी फैल गई है। शुक्रवार रात 9 लोगों से भरी मारुति एक्सएल कार कुएं में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई है। क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसके अंदर से सभी 9 लोगों की लाशें बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह हादसा डिंडौरी पुलिस स्टेशन इलाके में हुआ है।
सड़क हादसे में 9 की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (34), पत्नी रेशमा सुनील दरगोड़े (30), बेटी राखी उर्फ गुणवंती (10), भतीजी माधुरी अनिल दरगोड़े (13), भतीजी श्रवणी अनिल दरगोड़े (11), आशा अनिल दरगोड़े (32), बेटा श्रेयश अनिल दरगोड़े (11), बेटी सृष्टी अनिल दरगोड़े (14) और भतीजी समृद्धी राजेश दरगोड़े (7) के रूप में हुई है।
कब और कैसे हुआ हादसा ?
बताया जा रहा है कि सभी मृतक डिंडौरी तालुका के इंदोरे गांव के रहने वाले थे। शुक्रवार को डिंडौरी के शिवाजी नगर राजे बैक्वेट हॉल में वडजे क्लासेस की ओर से वार्षिक उत्सव समारोह आयोजित किया गया था। दरगोड़े परिवार इसमें शामिल होने मारुति एक्सएल कार से आए थे। रात में लौटते वक्त साढ़े 11 बजे के आसपास ड्राइवर ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और उनकी कार डिंडौरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में पानी से भरे कुएं में जा गिरी।
कुएं से कैसे निकाला गया शव ?
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद राहत बचाव का कार्य शुरु किया गया। कुआं पानी से भरा हुआ था इसलिए क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया, जिसके अंदर से ही 9 लोगों की लाश बरामद कर ली गई। कार के अंदर 9 लोगों की लाश देखकर हर कोई सहम गया। फिलहाल पुलिस ने मृतकों से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर एक्सिडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
सड़क हादसे से बचने के लिए क्या करें ?
- वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहने और सीट बेल्ट लगाएं।
- वाहन चलाते वक्त मोबाइल का इस्तेमाल न करें।
- शराब पीकर वाहन न चलाएं।
- निर्धारित गति सीमा के अंदर वाहन चलाएं।
- समय-समय पर अपने वाहन का सर्विसिंग कराएं।
- टेक ओवर करते वक्त सावधानी बरते।
