कारोबारी ने पत्नी-बेटी के साथ खाया जहर: बाप-बेटी की मौत, जानिए आखिर क्यों उठाया ये आत्मघाती कदम
शहडोल में ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज से परेशान होकर कारोबारी ने पत्नी-बेटी को जहर देकर खुद भी पी लिया, जिससे हड़कंप मच गया है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
शहडोल 26 फरवरी 2026, मध्य प्रदेश के शहडोल में 24 फरवरी को एक कारोबारी ने पत्नी-बेटी को जहर देकर खुद भी पी लिया। इस घटना में कारोबारी और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी जिंगदी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। ऑनलाइन BDG गेम की लत और कर्ज से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती में 24 फरवरी की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज से परेशान एक कारोबारी ने अपनी पत्नी और बेटी को कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया और खुद भी पी लिया। पड़ोसियों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कारोबारी और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी गंभीर हालत में ICU में भर्ती है।
क्यों उठाया आत्मघाती कदम ?
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती में रहने वाले शंकर लाल गुप्ता मोबाइल कारोबारी थे, जिन्हें ऑनलाइन गेम BDG खेलने की लत थी। इस गेम में शंकर लाल 4 लाख रुपए हार चुका था। इसके बाद भी उसने लोगों से उधारी लिए थे। धीरे-धीरे कर्ज बढ़ता गया, जिससे शंकर लाल परेशान हो गया और उसने अपने साथ परिवार को भी खत्म करने की ठान ली।
कैसे उठाया आत्मघाती कदम ?
प्लानिंग के तहत 24 फरवरी की रात शंकर अपने 15 साल के बेटे के साथ बाजार गया और बेटे को दोस्त की दुकान में छोड़कर चाय पीकर आने की बात कहीं। इसके बाद शंकर ने दुकान से कोल्ड ड्रिंक की बोतल ली, जिसमें उसने जहर मिला दिया, जिसके बाद उसने घर पहुंचकर पत्नी राजकुमारी और बेटी स्वाती को पिलाकर खूद पी लिया।
बाप-बेटी की मौत
जहर ने जब अपना असर दिखाना शुरु किया तब उनके पड़ोसी घर पहुंचे, तो तीनों तड़प रहे थे। इसके बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। 25 फरवरी की सुबह स्वाती की मौत हो गई और उसी शाम 6 बजे शंकर लाल की भी मौत हो गई। वहीं राजकुमारी ICU में जिंगदी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली SI उपेंद्र त्रिपाठी का इस मामले में कहना है कि मोबाइल कारोबारी ने गेम की लत और कर्ज से परेशान होने के चलते ये आत्मघाती कदम उठाया है। इस घटना में कारोबारी और उसकी बेटी की मौत हो गई है और उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस की ओर से मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
क्या है BDG गेम ?
BDG आमतौर पर एक ऑनलाइन सट्टेबाजी बेटिंग एप है। यह कोई पारंपरिक वीडियो गेम नहीं बल्कि पैसों से खेलने वाला जुआ है। गेम को खेलने के लिए पहले पैसे जमा करने होते हैं फिर कलर प्रेडिक्शन, नंबर गेम खिलाए जाते हैं। इसके बाद कम समय में रकम दोगुना करने का लालच दिया जाता है। हार जीत किस्मत या फिर एल्गोरिदम पर आधारित होता है।
