Begin typing your search above and press return to search.

Summer food: फिर आ गई गर्मी, बेहतर स्वास्थ्य के लिए इन चीजों को खानपान में करें शामिल....

Summer food: फिर आ गई गर्मी, बेहतर स्वास्थ्य के लिए इन चीजों को खानपान में करें शामिल....
X
By NPG News

Summer food: गर्मी बढ़ने लगी है। धूप चटक होती जा रही है। पसीने से तर-बतर करने वाले दिन करीब हैं।ऐसे में पानी की कमी से शरीर निढाल हो जाता है। लेकिन इस वजह से बाहर निकलना और काम करना तो बंद नहीं किया जा सकता। इसका उपाय यह है कि शरीर को अंदर से ठंडा रखा जाए और यह हो सकता है खानपान के प्रति सचेत रहकर। आइए देखते हैं ऐसे में कौन सी चीज़ो को आपके खानपान का हिस्सा होना चाहिए।

पानी पीने में न हो कोताही

गर्मी में शरीर से बहुत पसीना निकल जाता है। ऐसे में शरीर का तापमान संतुलित रहे, इसके लिए ज़रूरी है कि बिना आलस किए पानी पीते रहा जाए। कम से कम 3-4 लीटर पानी ज़रूर पिएं। कहीं बाहर जा रहे हों तो पास में पानी ज़रूर रहे। वर्ना डिहाइड्रेशन से शरीर में कमज़ोरी, बेहोशी जैसे लक्षण उभर सकते हैं।

दही या छाछ

दही या छाछ आपके शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं। दही में प्रोबायोटिक्स होता है जो पाचन तंत्र को सही रखता है। यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि गर्मी में पेट भी जल्दी खराब होता है। साथ ही इसमें पाया जाने वाला प्रोटीन काफी देर तक पेट को भरा महसूस कराता है तो आपके हाथ किसी भी अनहेल्दी चीज़ की ओर लपकने से रुक जाता है।

टमाटर

टमाटर में गर्मियों के लिहाज से एक बहुत महत्वपूर्ण तत्व होता है 'कैरोटेनॉएड'। यह शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखता है और बाहरी गर्मी और सनबर्न से बचाता है। साथ ही टमाटर में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन C, लाइकोपीन और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखते हैं। घर में सहज उपलब्ध टमाटर किसी महंगे फल से कम नहीं है। इसे नाश्ते और खाने में ज़रूर शामिल करें।

आम का पना

कच्चा आम आने लगा है। कैरी को उबालकर इसके पल्प को पुदीने के साथ पीस लें। अच्छी मात्रा में पानी और आवश्यकतानुसार नमक -मिर्च, भुना ज़ीरा पाउडर मिला कर एक बाॅटल में भर लें। यह पना बाहर जाते समय अपने साथ रखें। जब भी गला सूखे, उसे पने से तर करें। इसमें अच्छी मात्रा में खनिज और विटामिन सी होता है। इसलिए शरीर को हो रही पानी और नमक की क्षति कंट्रोल होती है। कच्चे आम से बना पना पीना गर्मी में स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है।

नींबू पानी

विटामिन सी से भरपूर नींबू पानी पीने से गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखा जा सकता है।विटामिन्स और मिनरल से भरपूर नींबू गर्मी से शरीर को बचाने में मदद करता है।नींबू के पानी में थोड़ा सा नमक और शक्कर मिला कर पीने से डिहाइड्रेशन में राहत मिलती है। साथ ही विटामिन सी की भरपूर मात्रा इम्यूनिटी को भी बूस्ट करती है। साथ ही इसके सेवन से पाचन भी दुरुस्त रहता है।

नींबू पानी में थोडा सा नमक और शक्कर मिलाकर पीने से डिहाइड्रेशन में राहत मिलती है।

नारियल पानी

नारियल पानी पीने से शरीर को तुरंत इलैक्ट्रोलाइड्स मिल जाते हैं। ऐसे में जब भी लगे कि तेज गर्मी के कारण शरीर पस्त हो रहा है तो एक नारियल पानी पी लें। आपको तुरंत राहत मिलेगी। इसके प्रदूषित होने का डर भी नहीं होता।

तरबूज

मीठे-मीठे पानी से भर हुआ तरबूज गर्मी से त्रस्त तन को बहुत राहत देता है। तरबूज विटामिन और पोषक तत्वों से युक्त होता है। यह आपकी बॉडी को अंदरूनी ठंडक देता है। तरबूज में लाइकोपीन नामक तत्व होता है।यह त्वचा को सूर्य की किरणों से बचाने में मदद करता है। तरबूज के बीज भी गर्मी में शरीर को ज़रूरी ठंडक देते हैं।

कॉर्न

आपको शायद पता न हो पर कॉर्न यानी मक्का गर्मियों में भी बहुत उपयोगी है। मक्के की तासीर ठंडी होती है। इसमें फाइबर, विटामिन, मिनरल आदि पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। गर्मियों में मक्का खाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती। यह एंटीऑक्‍सीडेंट से समृद्ध होता है। गर्मियों में इसके सेवन से शरीर में एनर्जी बनी रहती है।

Next Story