स्वयंभू बाबा ने महिला को ड्रग्स देकर किया रेप, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल... बोला- मैं भगवान शंकर का अवतार, तुम पार्वती...
Swayambhu Baba Rape Case: स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य ने खुद को भगवान शंकर का अवतार बताया और एक महिला को पार्वती का रूप बताकर अपने हवस का शिकार बनाया।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
पुणे 28 मार्च 2026, महाराष्ट्र के पुणे में ज्योतिषी अशोक खरात के बाद स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। आरोप है कि स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य ने खुद को भगवान शंकर का अवतार बताया और एक महिला को पार्वती का रूप बताया। इसके बाद उसने महिला को लॉज में ले जाकर उसे ड्रग्स दिया और अपने हवस का शिकार बनाया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है। यह पूरा मामला मंजरी पुलिस स्टेशन का है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, पुणे की रहने वाली 35 साल की महिला ने मानिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 2023 में सोशल मीडिया पर उसकी पहचान वसई के रहने वाले स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य से हुई थी। स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य ने खुद को भगवान शंकर का अवतार बताते हुए महिला को पार्वती का रूप बताया।
कैसे बनाया हवस का शिकार ?
इसके बाद वो दिसंबर 2023 में किसी काम से पुणे आया और महिला को मंजरी इलाके के एक लॉज में मिलने बुलाया, जहां उसने उसे ड्रग्स देकर नशे में धुत कर दिया और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए, जिसका इस्तेमाल वो ब्लैकमेल के लिए करने लगा। मई 2024 में एक बार फिर आरोपी ने वसई के एक होटल में महिला के साथ संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकली।
केस मंजरी पुलिस को ट्रांसफर
नासिक से ढोंगी बाबा अशोक खरात की गिरफ्तारी का मामला सामने आने के बाद महिला ने हिम्मत जुटाई और मानिकपुर थाने पहुंचकर स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। यह घटना मंजरी थाने क्षेत्र में हुई है इसलिए मानिकपुर पुलिस ने इस केस को मंजरी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।
वरिष्ठ निरीक्षक ने क्या कहा ?
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य के खिलाफ धारा 64 और 351 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने स्वयंभू बाबा ऋषिकेश वैद्य की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की है। माणिकापुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक हीरालाल जाधव ने कहा कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
ज्योतिषी अशोक खरात गिरफ्तार
बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र की नासिक पुलिस और नासिक क्राइम ब्रांच यूनीट 1 ने कई बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज का भविष्य बताने वाले ज्योतिषी अशोक खरात को रेप के आरोप में 18 मार्च तड़के 4 बजे गिरफ्तार किया था। टीम ने उसके कार्यालय से एक पेन ड्राइव जब्त किया था, जिसके अंदर 58 पोर्न वीडियो मिले थे। यह वीडियो मशहूर महिलाओं और सेलिब्रिटीज से जुड़े हुए हैं।
