फिल्मी स्टाइल में करोड़ों का लूटकांड: कार को टक्कर मारकर तानी पिस्टल, हथौड़े से मारकर लूटा सोना-कैश, मुख्य आरोपी पर दर्ज है 70 से ज्यादा मामले
CG Crime News:–छत्तीसगढ़ बिलासपुर में सराफा व्यवसायी से लूट कांड के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के द्वारा चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन में 5 आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के मास्टरमाइंड और गिरोह के सरगना विजय लंबा के ऊपर 70 से अधिक मामले दर्ज हैं।

फोटो सोर्स- npg.news
बिलासपुर 19 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ बिलासपुर में सराफा व्यवसायी से लूट कांड के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के द्वारा चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन में 5 आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के मास्टरमाइंड और गिरोह के सरगना विजय लंबा के ऊपर 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। आईजी रामगोपाल गर्ग ने आज मामले का खुलासा किया है।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिला बिलासपुर के थाना सरकंडा के राज किशोर नगर रिहायशी क्षेत्र में 17 फरवरी की रात्रि तकरीबन 9.15 बजे अज्ञात सशस्त्र अपराधियों द्वारा बसंत विहार चौक सरकंडा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से लूट की घटना की गई।
ये है मामला
सराफा व्यवसायी संतोष तिवारी प्रतिदिन दुकान से पूरी ज्वेलरी एवं समान दुकान बंद कर अपने निवास राजकिशोर नगर ले आता था। प्रतिदिन की तरह घटना के दिन भी वह अपने दुकान को बंद करके सोने से निर्मित ज्वेलरी व सामान अपने रिनॉल्ट क्विड कार क० CG 10 AH 7701 में रखकर अपने घर राज किशोर नगर जा रहा था, कॉलोनी के पास अंधा मोड़ है, जहां एक एक ईको मारुति कार पहले से खड़ी थी, इस कार ने संतोष तिवारी की कार को जानबूझकर योजनाबद्ध रूप से ठोकर मार दिया।
संतोष तिवारी के कार से बाहर उतरते ही मारुति ईको कार सवार अज्ञात लोग गाली गलौज करने लगे और अपने पास रखे पिस्टल को तानते हुए उसके बट एवं हथौड़ी से मारपीट कर सिर एवं शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोट पहुंचा संतोष तिवारी चिल्लाते हुए अपने घर की ओर भागा, अज्ञात लोग मारपीट कर क्वीड कार में चार बड़े बैगों में रखे सोने के आभूषणों को जिसमें 2 किलो सोना, 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड, व 3,50,000 रू. नगदी रकम को कार सहित लूटकर भाग गए।
पीड़ित के भाई प्रार्थी विवेक तिवारी पिता स्व. अक्षयवरनाथ तिवारी साकिन राजकिशोर नगर के रिपोर्ट पर थाना सरकंडा के अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 126 (2), 109,309 (6), 311 बीएनएस व 25,27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की जांच में यह सब
पुलिस महानिरीक्षक गर्ग ने बिलासपुर और रेंज के सभी जिलों में नाकाबंदी करने के निर्देश दिए और पुलिस की अलग अलग टीम गठित कर तत्काल विवेचना और अपराधियों की पातासजी और जानकारी प्राप्त करने में लगाया गया। आरोपियों के संबंध में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक जांच, इलाको, बस्तियों होटल्स की सघन जांच तत्काल शुरू कराई गई। तलाशी के दौरान घटना स्थल पर एक सफेद इको कार, पैशन प्रो मोटरसाइकिल, 10 नग जिंदा कारतूस और एक हथौड़ा प्राप्त हुआ।
आरोपियों के द्वारा लूटी गई, प्रार्थी की रेनाल्ड क्विड कार, ग्राम उरतुम परसही के मध्य लावारिस मिली, जिसमें से फिंगर प्रिंट लेकर जांच शुरू की। मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर जानकरी मिली कि आरोपी संभवतः बिहार या उत्तर प्रदेश की तरफ भाग सकते हैं। उत्तर प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के पुलिस अधिकारियों को घटना और आरोपियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई।
मिले इनपुट के आधार पर यूपी पुलिस को दी जानकारी
पुलिस टीम को आरोपियों के कार में, सोनभद्र होते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले तरफ निकलने की पुख्ता जानकारी मिली। पुलिस की एक टीम तत्काल उत्तर प्रदेश की ओर रवाना की गई, और फोन के जरिए वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस के संपर्क में बने रहे।
बिलासपुर पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाने की पुलिस ने घेराबंदी करके 18 फरवरी की रात्रि में 02 आरोपियों विनोद उर्फ बीनू तथा करीम खान को 120 कार के साथ, तथा 2 अन्य आरोपियों विजय लांबा तथा मोनू उर्फ राहुल को जंगल में छुपे होने पर गिरफ्तार कर लिया, जहां थाना अहरौरा में आरोपीगण के विरुद्ध 02 अपराध क्रमांक 35/26, एवं 36/26 धारा 109,317 (2) bns एवं 3,25 आर्मस एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
आरोपियों से पुलिस ने जब्त किया लूट के सामान
आरोपियों से लूटे गए जेवरात एवं सामग्रियों को मिर्जापुर पुलिस के द्वारा जब्त कर रिकवर कर लिए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है, आरोपियों के पास से बंदूक बरामद होने की जानकारी भी मिली है। बिलासपुर पुलिस की एक टीम मिर्जापुर पहुंच चुकी है, जो अग्रिम वैधानिक कानूनी कार्रवाई करेंगी।
ये है लूट कांड का मास्टर माइंड
घटना में संलिप्त एक आरोपी इमरान जो स्कार्पियो गाड़ी के माध्यम से आरोपियों की रेकी और घटना करने में शामिल था, उसकी भी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर, स्कार्पियों को जब्त कर लिया है। घटना का मास्टर माइंड विजय लांबा एक बेहद शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 70 से भी अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी विजय लांबा के दिसंबर माह में हुई एक और घटना में भी शामिल होने की सूचना प्राप्त हुई है, जिसकी तस्दीक आरोपी से पूछताछ करके की जाएगी। देश के अन्य राज्यों में भी हुई ऐसी घटनाओं के संबंध में आरोपी के यहां लाने के बाद जानकरी लिए जाने का प्रयास किया जाएगा।
आरोपियों के नाम-
01. विजय लांबा पिता राम लाल साकिन ओम बिहार उत्तम नगर द्वारका उत्तरी दिल्ली,
02. मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित पिता स्व. सुन्दर साकिन सोरखा सेक्टर 113
कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश
03. विनोद उर्फ बीनू प्रजापति पिता सुखलाल प्रजापति, निवासी दादाबाड़ी कोटा
राजस्थान
04. करीम खाम पिता वसीम खान, चकमहमूद, सकलेन नगर बरेली उत्तर प्रदेश
05. इरफान अली पिता अकरम अली उम्र 32 वर्ष साकिन टिकरापारा बिलासपुर
