छ्त्तीसगढ़ में सराफा व्यवसायी से 3.35 करोड़ की लूट: UP पुलिस ने बदमाशों का किया शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस आज करेगी खुलासा
CG Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 2 किलो सोना, 3 लाख 50 हजार कैश सहित 3 करोड़ 35 लाख का माल लूटकर भागे बदमाशों का यूपी पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, NPG.NEWS
बिलासपुर 19 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट के आरोपियों का यूपी पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। एक बदमाश के पैर में गोली मारी है।
बदमाशों को ट्रेस करते बिलासपुर पुलिस उत्तरप्रदेश पहुंच गई थी, यहां UP पुलिस की मदद ली। लुटेरों के भागने की जानकारी दी। इस दौरान धरपकड़ करते समय लुटेरे भाग रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए फायरिंग की। भागते समय एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। UP पुलिस आज इस मामले को लेकर मिर्जापुर में खुलासा करेगी।
बिलासपुर सरकंडा के राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी संतोष तिवारी के साथ मंगलवार की रात लूट की वारदात हो गई थी। घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। आईजी रामगोपाल गर्ग खुद मौके पर पहुंचकर अफसरों को दिशानिर्देश देते रहे।
जांच के दौरान टीम ने शहर के आउटर इलाके के ग्राम उरतुम के पास सराफा कारोबारी की लूटी हुई कार को बरामद किया गया। पुलिस जांच में पता चला कि वारदात में उपयोग की गई बाइक और कार दोनों चोरी की थी। बाइक अंबिकापुर में पदस्थ नगर सैनिक राकेश चौबे के नाम पर दर्ज है, जिसे आरोपियों ने 13 फरवरी को मैनपाट से चोरी किया था और उसी से वे बिलासपुर आए। सफेद रंग की इको वैन वारदात से एक दिन पहले अकलतरा थाना क्षेत्र से चुराई गई थी। जिसकी एफआईआर थाने में दर्ज है।
10 टीमें और जांच का एंगल भी अलग- अलग
लुटेरों को पकड़ने के लिए बनाई गई 10 टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई। तीन टीमें टेक्निकल टीम की मदद से यूपी, बिहार और झारखंड रूट पर काम करती रही। एक टीम शहर के होटल और लॉज में आरोपियों के ठहरने और आवाजाही की जानकारी जुटाते रही। एक टीम घर से दुकान के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही। एक टीम घटना स्थल के टॉवर डंप और अन्य टेक्निकल इनपुट पर काम करते रही। फिंगरप्रिंट का मिलान नेफिस के सर्वर पर लोड डाटा से किया गया।
पुलिस अफसरों ने जांच के दौरान हर एक एंगल को शामिल किया। अलग-अलग जगहों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तब पता चला कि लुटेरों का गैंग स्कॉर्पियो में सराफा कारोबारी का पीछा कर रहा था। जिसके बाद पुलिस ने उस स्कॉर्पियो की पहचान की। कार बरामद होने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि लुटेरे स्कॉर्पियो से फरार हुए हैं, जिसके बाद पुलिस केवल एक ही दिशा में काम पर जुट गई।
लूट का पैटर्न और चोरी की गाड़ियां
पुलिस अफसरों ने शहर के साथ ही प्रदेश भर में गाड़ियां चोरी कर लूट में इस्तेमाल करने वाले गैंग की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि दिसंबर महीने में सरकंडा पुलिस ने होटल कारोबारी लखन लाल देवांगन उर्फ निटी (46) के साथ हुई लूट की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए तखतपुर से बाइक (सीजी 10 एएस 2450) और अंबिकापुर से बाइक (सीजी 15 सीके 1036) चोरी की थी। लूट की कोशिश विफल होने के बाद, चारों ने चोरी की बाइकें रेलवे स्टेशन पर छिपा दी थी।
इस घटना से जुड़े तार
सरकंडा में होटल व्यवसायी निटी देवांगन से लूट का प्रयास करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर से गिरफ्तार किया था। आरोपी गगनदीप बंसल दिल्ली का रहने वाला है। उसने अपने तीन साथी विजय लाम्बा, आमीर और शकील के साथ मिलकर होटल संचालक निटी के गले से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया था। इस केस में विजय लाम्बा, आमीर और शकील फरार हैं। पुलिस ने दोनों केस को जोड़कर जांच की, तब अहम सुराग मिला। जिसके आधार पर पुलिस की टीम उनका पीछा करते हुए उत्तरप्रदेश के लिए रवाना हुई।
UP पुलिस से मांगी मदद
तकनीकी इनपुट देकर बिलासपुर पुलिस ने उत्तरप्रदेश पुलिस की मदद मांगी, जिसके बाद उत्तरप्रदेश एटीएस के साथ जिला पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई। इस दौरान मिर्जापुर पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी में सवार लुटेरों का पीछा किया। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए लुटेरे भागने लगे। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने पुलिस की टीम पर पिस्टल से फायरिंग की, जिस पर पुलिस को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर करना पड़ा। पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी, तब एकाउंटर के डर से दहशत में आए लुटेरों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घायल लुटेरे को अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही जा रही है। उत्तरप्रदेश पुलिस आज इस पूरी घटनाक्रम का खुलासा करेगी।
आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी पुलिस
उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर में प्रेस कांफ्रेस के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद बिलासपुर पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी
